दशहरा पर्व की तैयारियों का जायजा लेने रामलीला मैदान पहुंचीं पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश.

ललितपुर। असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व नगर में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा गोविन्द नगर-रावतयाना स्थित रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले इस पर्व में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और नगरवासियों की भागीदारी रहती है आयोजन को सकुशल, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने 16 अक्टूबर 2026 को नगर पालिका परिषद की टीम के साथ रामलीला मैदान और आयोजन के रूट मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दशहरा पर्व से पूर्व मैदान व आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने, प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने और आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करें।

पालिका अध्यक्ष ने रामलीला मैदान में गंदगी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक आयोजनों के स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नगर पालिका स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित करेगी कि आयोजन के दौरान मैदान और आसपास का क्षेत्र साफ-सुथरा बना रहे।

श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने कहा कि दशहरा हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, इसलिए नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करना नगर पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मैदान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा हाईमास्ट लाइट लगाई गई है। इसके अतिरिक्त अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

इस दौरान अवर अभियंता निधि पाण्डेय, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव, रामलीला समिति के हरविंदर सिंह सलूजा व बद्री कुशवाहा, गैराज प्रभारी अमित कुमार रिंकू सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

Surendra Sapera

@saperasurendra50

Reporter Lalitpur Up

0 फॉलोअर्स