विदिशा: शारदीय नवरात्रि पर गायत्री परिवार का दीप महायज्ञ, युवाओं से फूहड़ गानों और नशे से दूर रहने की अपील

विदिशा में शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर गायत्री परिवार के तत्वावधान में आज्ञाराम कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के पास स्थापित मां दुर्गा की झांकी प्रांगण में एक भव्य संध्याकालीन दीप महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

कार्यक्रम का संचालन गायत्री परिवार की आचार्य श्रीमती शोभा पवार, श्रीमती अंबिका कुमार और श्रीमती नम्रता कटिहार ने विधि-विधान से संपन्न कराया। मुख्य आचार्य श्रीमती शोभा पवार ने नवरात्रि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मां दुर्गा की सच्ची साधना और उपासना से मन और अंतःकरण पवित्र होता है। यह पर्व भीतर की बुराइयों और नकारात्मकता को समाप्त करने का उत्तम अवसर है।

इस दौरान उन्होंने युवा पीढ़ी से विशेष अपील करते हुए कहा कि झांकियों और चल समारोहों के दौरान फूहड़ व फिल्मी गानों के प्रयोग से बचें। उन्होंने युवाओं को नशे जैसी कुप्रवृत्तियों से दूर रहने और सनातन धर्म की परंपराओं के अनुरूप जुलूसों की गरिमा व मर्यादा बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लायन अरुण कुमार सोनी और क्षेत्रीय पार्षद शैलेंद्र सिरवैया उपस्थित रहे। लायन अरुण कुमार सोनी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और दीप महायज्ञ की महत्ता व इसके आध्यात्मिक लाभों के बारे में बताया। पार्षद शैलेंद्र सिरवैया ने इस आयोजन के लिए झांकी के आयोजकों और स्थानीय निवासियों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

दीप महायज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक दीप प्रज्वलित किए। कार्यक्रम का समापन मां दुर्गा की भव्य आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। उपस्थित जनसमूह ने गायत्री परिवार के इस आयोजन की सराहना की।

इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं का विशेष योगदान रहा। इनमें राम कटिहार, प्रकाश सोनकर, आर. पी. गुप्ता, हरि प्रसाद श्रीवास्तव, प्रमुख ट्रस्टी मुकेश श्रीवास्तव, लायन बी. पी. सिंह, श्रीमती सुमन श्रीवास्तव, डॉ. लोकेश्वरी नेमा, श्रीमती गीता श्रीवास्तव, श्रीमती शशि श्रीवास्तव, सुश्री सुशीला श्रीवास्तव, दिलीप सक्सेना और अशोक गुप्ता सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

शोभित जैन

@jainshobhit5

विदिशा REPORTER

0 फॉलोअर्स