जैन मंदिरों में चोरी और मूर्तियों की बेअदबी के विरोध में सकल जैन समाज का प्रदर्शन, 17 अक्टूबर को रीगल चौराहे पर जुटेंगे श्रद्धालु.

इंदौर में जैन मंदिरों में हो रही लगातार चोरियों और पवित्र मूर्तियों की बेअदबी की घटनाओं के विरोध में सकल जैन समाज ने हुंकार भरी है अपनी आस्था और धरोहरों की सुरक्षा की मांग को लेकर समाज ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 17 अक्टूबर 2025 को रीगल चौराहे पर एक विशाल और शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आयोजन किया है।

सकल जैन समाज और राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के अनुसार, मंदिरों में बढ़ती घटनाओं ने पूरे समाज की चेतना को झकझोर कर रख दिया है। समाज का कहना है कि धर्म और धरोहरों पर आए इस संकट के समय अब शांत बैठना संभव नहीं है। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को नींद से जगाना और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

प्रदर्शन के संबंध में जानकारी देते हुए सकल जैन समाज के प्रवक्ता राजेश जैन दद्दू और राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के मयंक जैन ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ के आह्वान पर किया जा रहा है। इसमें इंदौर के सभी जैन मंदिरों के प्रतिनिधि, विभिन्न समाज, महिला मंडल, युवक मंडल और पाठशाला परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन शनिवार, 17 अक्टूबर 2025 को सुबह 8:45 बजे रीगल चौराहे पर आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अपील की है कि वे अपनी धर्म ध्वजा और आस्था की रक्षा के लिए अपने परिवार और मित्रों के साथ इस प्रदर्शन में भारी संख्या में उपस्थित हों। समाज के अनुसार, श्रद्धालुओं की यह उपस्थिति ही उनकी एकजुटता का प्रतीक होगी।

इस कार्यक्रम के आयोजक राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ हैं, जबकि निवेदक के रूप में सकल जैन समाज, इंदौर शामिल है।

लेखक के बारे में

शोभित जैन

@jainshobhit5

विदिशा REPORTER

0 फॉलोअर्स