प्रदेश में सबसे पहले जनगणना पूर्ण करने पर तहसील पाली के जनगणना कार्मिकों को डीएम ने किया सम्मानित. ‘एक पेड़ मॉ के नाम’ अभियान के तहत कमिश्नर, डीएम, एसपी सहित सभी अधिकारियों ने किया वृक्षारोपण.ललितपुर।
जिले में शनिवार का दिन जनसुनवाई के नाम रहा, जहां एक ओर जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने तहसील पाली पहुंचकर जनशिकायतों का निस्तारण कराया, तो वहीं दूसरी तरफ मण्डलायुक्त झांसी मण्डल, झांसी श्री बिमल कुमार दुबे ने सदर तहसील पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी निस्तारण कराकर अवगत कराने के निर्देश दिये।बता दें कि शासन के निर्देशानुसार अरीब, असहाय और पीढ़ित को सुलभ न्याय की उपलब्धता को सुनिश्चित कराने के लिए शनिवार को जिले की समस्त तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जिसमें मण्डलायुक्त व जिलाधिकारी ने अलग-अलग तहसीलों में जाकर फरियादियों की शिकायतें सुनी।
मण्डलायुक्त ने जनसुनवाई में राजस्व विभाग से सम्बंधित समस्त शिकायतों को मार्क करते हुए टीम गठित की और एक सप्ताह के भीतर सभी शिकायतों का भौतिक निस्तारण कराकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिये।
वहीं जिलाधिकारी ने भी तहसील पाली में जनशिकायतों के निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों को स्वयं संज्ञान लेते हुए निस्तारण कराने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने तहसील पाली की जनगणना पूर्ण होने के अवसर पर जनगणना कार्मिकों को माला पहनाकर व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और अन्य सभी कार्मिकों को भी इसी मनोवेग से जनगणना पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
सदर तहसील में जनसुनवाई के दौरान रोजगार की तलाश में शहर की 100 से अधिक महिलाएं मण्डलायुक्त से मिलीं और अपनी समस्या उनके समक्ष रखी, मण्डलायुक्त ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को इन महिलाओं का एक ग्रुप बनाकर उनकी रुचि और कौशल की पहचान करके सरकार की विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभ से लाभान्वित कराते हुए अवगत कराने के निर्देश दिये।
इसी प्रकार एक वृद्ध व्यक्ति द्वारा मण्डलायुक्त से उचित कार्यवाही की मांग करते हुए बताया कि उसके बच्चों ने उन्हें घर से बाहर निकाल दिया है, इस पर मण्डलायुक्त ने कानूनी सहायता उपलब्ध कराने वाली समिति के माध्यम से बुजुर्ग व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के निर्देश दिये गए।
शहर निवासी एक बुजुर्ग महिला के द्वारा शिकायत की गई कि उनके पुत्र की मृत्यु हो गई है और उसका पैसा बैंक के द्वारा नहीं निकाला जा रहा है, इस पर सम्बंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करते हुए वृद्धा का पैसा दिलवाये जाने के निर्देश दिये गए।
जनसुनवाई के दौरान ही एक घायल बुजुर्ग महिला ने दबंगों पर कार्यवाही सम्बंधी शिकायती पत्र दिया, जिस पर मण्डलायुक्त ने मौके पर मौजूद एसीएमओ को 10 मिनट के भीतर घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से मेडिकल भेजने के निर्देश दिये।
ग्राम मऊमाफी निवासी रुबी ने बताया कि उनके पति की मृत्यु हो गई है और उनके चार छोटे बच्चे हैं, उन्हें आर्थिक यहायता दी जाए, इस पर मण्डलायुक्त ने उप जिलाधिकारी सदर को असहाय महिला को निराश्रित महिला पेंशन, बच्चों को बाल सेवा योजना का लाभ, आंगनबाड़ी में प्रवेश और राशन कार्ड आदि योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई के दौरान अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से सम्बंधित अवैध कब्जों की आयीं, जिस पर मण्डलायुक्त ने टीम गठित करते हुए सभी शिकायतों में 7 दिवस के भीतर प्रभावी कार्यवाही करके निस्तारण कराकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिये हैं।
मण्डलायुक्त ने यह भी कहा कि जहां पर भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के प्रकरण आ रहे हैं, उन्हें तत्काल हटवाया जाएगा।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरान्त मण्डलायुक्त ने सदर तहसील में तथा जिलाधिकारी ने तहसील पाली में ‘एक पेड़ मॉ का नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
*आज सम्पूर्ण समाधान दिवस में निम्न शिकायतें प्राप्त हुईं:-* तहसील ललितपुर में कुल 44 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व विभाग के 15, विद्युत के 05, पुलिस के 05 तथा अन्य विभागों के 19 प्रार्थना पत्र शामिल हैं, जिनमें से 08 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील महरौनी में कुल 38 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 15, पुलिस के 05, विकास के 02, चकबंदी के 02, पूर्ति के 06, विद्युत का 01 तथा अन्य विभागों के 07 प्रार्थना पत्र शामिल है, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील तालबेहट में कुल 119 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 66, पुलिस के 24, विकास के 05, पूर्ति के 04, विद्युत के 06 तथा अन्य विभागों के 14 प्रार्थना पत्र शामिल हैं, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील मड़ावरा में कुल 45 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 20, पुलिस के 16, विकास के 03 तथा अन्य विभागों के 06 प्रार्थना पत्र शामिल है, जिनमें से 06 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
तहसील पाली में कुल 77 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 50, पुलिस के 08, चकबंदी के 08, विद्युत के 03 तथा अन्य विभाग के 08 प्रार्थना पत्र शामिल है, जिनमें से 07 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मो0 मुश्ताक, मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ इम्तियाज अहमद, उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी पाली एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।