सतोदय तीर्थ क्षेत्र सेरोंन जी में सामूहिक क्षमावाणी कार्यक्रम संपन्न, मूलनायक शांतिनाथ भगवान का हुआ महामस्तकाभिषेक,

ललितपुर। सतोदय तीर्थ क्षेत्र सेरोंन जी में सामूहिक क्षमावाणी कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के वातावरण में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की आयोजन के दौरान तीर्थ क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए, जिसके माध्यम से क्षमा, मैत्री और आपसी सद्भाव का संदेश दिया गया कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मूलनायक श्री 1008 शांतिनाथ भगवान को नवीन कमलासन पर विराजमान करना रहा इसके उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान का महामस्तकाभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मंगलकामना की और धर्म के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।

इस धार्मिक आयोजन में दिगंबर जैन पंचायत ललितपुर, देवोदय कमेटी, शांतोदय कमेटी, वर्णी जैन स्कूल कमेटी, जैन मिलन सिविल लाइन तथा महिला समिति संस्कृति के पदाधिकारी एवं सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। इन सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

सतोदय क्षेत्र कमेटी की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। सामूहिक क्षमावाणी के अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे से क्षमा याचना की और आपसी प्रेम, सहयोग तथा भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए स्नेह भोज की व्यवस्था की गई। स्नेह भोज के पश्चात सतोदय क्षेत्र कमेटी ने आयोजन में शामिल सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ जैन समाज की एकता, विनम्रता और क्षमाशीलता की भावना को प्रकट करने वाला रहा।

रिपोर्ट: मनोज जैन, ललितपुर लाइव टीवी | LNN NEWS

लेखक के बारे में

MANOJ JAIN

@admin

Managing Director & Founder | Lalitpur Live TV

5000 फॉलोअर्स