मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत छात्रा राशि बनीं एक दिन की प्रधानाध्यापक

ललितपुर। उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान का छठा चरण (फेज-6.0) शुरू किया गया है। इसी क्रम में संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय डुलावन में मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत छात्राओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान सहायक अध्यापिका अंजूलता वर्मा ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के दुरुपयोग व फर्जी प्रोफाइल से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। साथ ही, उन्होंने छात्राओं को अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व भी समझाया।

अभियान के तहत विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा राशि अहिरवार को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापक और क्रांति कुशवाहा को उप प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं और सहपाठी छात्राओं ने उन्हें तिलक लगाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय के अन्य बच्चों ने भी उन्हें बधाई दी।

एक दिन की प्रधानाध्यापक बनीं छात्रा राशि अहिरवार ने अपने संदेश में सभी विद्यार्थियों से प्रतिदिन विद्यालय आने और अन्य बच्चों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूरी बनाए रखने, अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत संपर्क करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान बालिकाओं की सुरक्षा के लिए एक स्तंभ की तरह है।

इस कार्यक्रम में मीना मंच एवं सेल्फ स्टीम टीम के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया गया। इस दौरान इंचार्ज प्रधानाध्यापक वीर सिंह, सहायक अध्यापक अल्पेश समाधिया, देवीशंकर कुशवाहा, पुष्पेंद्र जैन, संतोष नरवरिया, प्रमोद तिवारी, अंजूलता वर्मा, प्रीति कुशवाहा, यशोदा, सुनीता कुमारी के अलावा विद्यालय के रसोइया और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

MANOJ JAIN

@admin

Managing Director & Founder | Lalitpur Live TV

5000 फॉलोअर्स