जंतर-मंतर जाने की जिद पर अड़े आप नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

जंतर-मंतर जाने के प्रयास में आम आदमी पार्टी के नेता डिटेन, झांसी में लगातार दूसरे दिन पुलिस का कड़ा पहरा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को विफल करने के लिए झांसी में लगातार दूसरे दिन भी पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती रही। दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच झांसी में भी पुलिस और आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं के बीच रस्साकशी देखने को मिली।

आज सुबह आम आदमी पार्टी के कई नेता पार्टी कार्यालय में एकत्र हुए और दिल्ली के जंतर-मंतर जाने की योजना बना रहे थे। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्यालय को घेर लिया। भारी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की मौजूदगी में जिलाध्यक्ष अरशद खान, प्रांतीय उपाध्यक्ष अर्चना गुप्ता, प्रांतीय सचिव पुत्तू सिंह कुशवाहा, जिलाध्यक्ष एससी प्रकोष्ठ एडवोकेट नीलम चौधरी और तिरंगा शाखा के राजकुमार राव सहित दर्जन भर कार्यकर्ताओं को पुलिस ने डिटेन कर लिया।

इस दौरान आप नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने वोट चोरी का अपराध किया है, जिसका हिसाब जनता को देना होगा। नेताओं ने कहा कि देश की जनता समझ चुकी है कि चुनाव आयोग ने किस तरह कार्यशैली अपनाई, जिससे भाजपा के विरोधी वोटरों को सुनियोजित तरीके से वोटर लिस्ट से हटा दिया गया और फर्जी वोटरों को जुड़वा दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विरोध की आवाज को दबाने का जितना प्रयास करेगी, जनता का आक्रोश उतना ही बढ़ेगा, जिसकी कीमत भाजपा को सत्ता गंवाकर चुकानी पड़ेगी।

दोपहर 1 बजे तक सभी आप नेताओं को पुलिस ने नजरबंद रखा। दिल्ली से आम आदमी पार्टी तथा सीजेपी सहित अन्य प्रमुख दलों के नेताओं के हिरासत में लिए जाने की सूचना मिलने के बाद झांसी में डिटेन किए गए नेताओं को छोड़ दिया गया।

रिहाई के बाद आप नेताओं ने स्पष्ट किया कि वोट चोरी का मुद्दा अब बहुत आगे निकल चुका है और लोकतंत्र की हत्या करने वालों के कुर्सी से हटने तक यह विरोध प्रदर्शन रुकने वाला नहीं है।

लेखक के बारे में

Archana Shriwas

@shrivasarchna1

Senior Reporter Mauranipur

1000 फॉलोअर्स