पीड़ित महिला ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन

पीड़ित महिला ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, जान-माल की सुरक्षा की लगाई गुहार
अंतरंग संबंध बनाने का दबाव बनाने और मकान पर कब्जा करने की धमकी देने का लगाया आरोप, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
झांसी। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के ग्राम सिमरधा निवासी एक पीड़ित महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी को प्रार्थना पत्र देकर नरेंद्र शाक्य नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला ने आरोपी के खिलाफ धमकी देने, मानसिक रूप से परेशान करने और अंतरंग संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने के संबंध में कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी को दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र में पीड़िता रजनी पाल पत्नी मनोज पाल ने बताया कि उनके पति ने पारिवारिक परिस्थितियों के चलते अपने पुराने मकान का एक हिस्सा अपने दोनों बच्चों की पढ़ाई एवं घरेलू खर्च के लिए नरेंद्र शाक्य को 3 लाख 70 हजार रुपये में विक्रय करने का सौदा किया था। पीड़िता के अनुसार, उक्त मकान के संबंध में 5 दिसंबर 2025 को 2 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त हुए थे तथा शेष धनराशि दी जानी बाकी थी।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद नरेंद्र शाक्य उनके परिवार पर मकान खाली करने और अंतरंग संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर मकान वापस नहीं करने, परिवार को नुकसान पहुंचाने तथा घर में बाहरी लोगों को भेजने जैसी धमकियां दी गईं। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी द्वारा उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे वह और उसका परिवार भयभीत है।
पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने झूठे मुकदमे में फंसाने तथा परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है। महिला का कहना है कि वह अपने बच्चों के साथ मकान में रहकर जीवनयापन कर रही है और अपने बच्चों की शिक्षा एवं परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
पीड़िता रजनी पाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उसे और उसके पति व बच्चों को सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे बिना किसी भय के अपना जीवनयापन कर सकें।
फिलहाल पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

लेखक के बारे में

Archana Shriwas

@shrivasarchna1

Senior Reporter Mauranipur

1000 फॉलोअर्स