सुरक्षित और सुगम सड़कें मिलना जनता का अधिकार: अरविंद वशिष्ठ

*सुरक्षित और सुगम सड़कें मिलना जनता का अधिकार: अरविंद वशिष्ठ*
झांसी। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद वशिष्ठ के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने महानगर की विभिन्न सड़कों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्नाव गेट बाहर एवं अंदर, कचहरी चौराहा, जीवनशाह चौराहा, फिल्टर रोड, दतिया गेट बाहर एवं अंदर तथा लक्ष्मी गेट सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया गया। निरीक्षण के दौरान जगह-जगह सड़कों पर गहरे गड्ढे पाए गए।
अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि महानगर की जनता से हाउस टैक्स, वाटर टैक्स सहित विभिन्न कर नियमित रूप से वसूले जा रहे हैं, लेकिन इसके अनुरूप नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं और बेहतर सड़कें उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। जनता समय पर टैक्स अदा करती है, इसके बावजूद शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति बेहद चिंताजनक है। विकास के दावे जमीन पर कम और नारों में अधिक दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महानगर की अधिकांश सड़कों पर गड्ढों के कारण वाहन चालकों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित अधिकारियों को तत्काल महानगर की सड़कों का सर्वे कराकर गड्ढों को भरवाना चाहिए तथा गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण सुनिश्चित करना चाहिए। जनता टैक्स देती है, इसलिए उसे सुरक्षित और सुगम सड़कें उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी सड़क, जलभराव, यातायात और गड्ढों से होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। इस अवसर पर संतोष रायकवार, मनोज यादव, मनीष कश्यप, सौरभ राय, मदन पांचाल और आलोक ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

Archana Shriwas

@shrivasarchna1

Senior Reporter Mauranipur

1000 फॉलोअर्स