तालाब में मिला पांचवीं कक्षा के छात्र का शव

झांसी में 26 घंटे से लापता पांचवीं कक्षा के छात्र का तालाब में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में 26 घंटे से लापता 11 वर्षीय छात्र का शव जंगल में बने एक तालाब से बरामद हुआ है। छात्र का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला है, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मामला प्रेमनगर के हंसारी स्थित हरिजन कॉलोनी का है।

मृतक छात्र अंश की पहचान उसके परिजनों ने की। अंश के दादा तुलसी अहिरवार ने बताया कि अंश घर के पास स्थित रामलखन स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। गुरुवार शाम करीब 6 बजे चाय पीने के बाद वह घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। रात होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और देर रात 11 बजे चौकी में शिकायत दर्ज कराई।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात भर तलाश करने के बाद भी अंश का कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह से पुलिस और परिजन लगातार उसकी खोजबीन में जुटे रहे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक पड़ोसी ने घर आकर सूचना दी कि भैंसासुर स्थित खदान के तालाब में बच्चे का शव मिला है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस पहले से मौजूद थी। दादा तुलसी अहिरवार का कहना है कि अंश इतनी दूर अकेला नहीं जा सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी ने पोते की हत्या कर शव को तालाब में फेंका है।

सीओ सदर सिमरन सिंह ने बताया कि गुरुवार रात को अंश के लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था और टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। शुक्रवार रात को सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

अंश के पिता राजेश अहिरवार मजदूरी करते हैं और उनकी पत्नी गृहिणी हैं। परिवार में चार बच्चे थे, जिनमें अंश तीसरे नंबर पर था। परिवार में बड़े भाई शिवा (22) की एक साल पहले मौत हो चुकी है, जबकि दूसरे नंबर की बहन कल्पना (21) की शादी हो चुकी है। सबसे छोटा भाई कल्लू (5) है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में

Archana Shriwas

@shrivasarchna1

Senior Reporter Mauranipur

1000 फॉलोअर्स