सिवनी खुर्द के उच्च प्राथमिक विद्यालय में विज्ञान मेले का आयोजन, छात्रों ने मॉडलों के जरिए दिखाई प्रतिभा

ललितपुर। हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड एवं अगस्तिया अंतर्राष्ट्रीय फाउंडेशन के सहयोग से आज उच्च प्राथमिक विद्यालय सिवनी खुर्द में विज्ञान मेले का आयोजन किया गया।

इस मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक और ज्ञानवर्धक विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए, जिसके माध्यम से उन्होंने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।विज्ञान मेले की तैयारियों के लिए ‘विद्या वाहिनी’ टीम के संजीव पटेल और हर्षित त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया था।

इस प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान के विभिन्न प्रयोगों, मॉडल निर्माण और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।कार्यक्रम के अवसर पर विद्या वाहिनी के नीरज शर्मा और विनय चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षिका स्नेह वर्षा जैन ने कहा कि इस विज्ञान मेले ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ उन्हें सीखने, प्रयोग करने और नई सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।बुंदेलखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय सह प्रवक्ता विशाल जैन पवा ने बताया कि इस विज्ञान मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, प्रयोगशीलता और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना था।कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया।

पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ और अभिभावक मौजूद रहे।

सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके द्वारा प्रस्तुत विज्ञान मॉडलों और प्रयासों की सराहना की।

लेखक के बारे में

Deepu Gupta

@deepugupta1310

Reporter Talbehat

0 फॉलोअर्स