रिपोर्ट - सुरेंद्र सपेरा (LNN-) न्यूज अवैध कब्जों व राजस्व वादों के निस्तारण हेतु डीएम ने पुलिस व राजस्व अधिकारियों को दी जिम्मेदारी मौके पर जाकर करायेंगे प्रकरण का निस्तारण. ललितपुर।
शासन की मंशा के अनुरूप स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने सोमवार को तहसील तालबेहट में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का स्वयं मौके पर जाकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही समस्या निस्तारण का वास्तविक पैमाना है, इसलिए किसी भी शिकायत का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय लेखपालों एवं राजस्व निरीक्षकों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उप जिलाधिकारी तालबेहट को निर्देश दिए कि लेखपालों एवं कानूनगो द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक आख्या का स्वयं परीक्षण एवं नियमित समीक्षा करें।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी भी राजस्व कर्मी के कार्य में लापरवाही, उदासीनता अथवा प्रलोभन लेने जैसी शिकायत सत्य पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध निलंबन सहित कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग जनता से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है, इसलिए इसमें पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान पात्र फरियादियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी प्रभावी पहल की गई।
एक दिव्यांग महिला की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी के माध्यम से दिव्यांग पेंशन के लिए आवेदन ऑनलाइन कराया तथा निर्देश दिए कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करते हुए संबंधित लाभार्थी को अगले माह से हर हाल में पेंशन का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों एवं लेखपालों को निर्देशित किया कि आकाशीय बिजली, अतिवृष्टि एवं अन्य दैवीय आपदाओं से प्रभावित व्यक्तियों के मामलों में तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन करें, समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा पात्र पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि किसी भी पीड़ित परिवार को राहत मिलने में अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही के कारण कोई पात्र पीड़ित दैवीय आपदा राहत अथवा मुआवजे से वंचित पाया गया, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों से पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए पीड़ितों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम तेरई निवासी धमेन्द्र तनय दशरथ ने उनकी भूमि पर विपक्षीगणों द्वारा जबरन टीन शेड लगा लिये जाने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष तालबेहट, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को संयुक्त रुप से नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
ग्राम पिपरई निवासी रामस्वरुप पुत्र घनश्याम सहरिया ने लेखपाल व आरआई द्वारा उनकी जमीन की नाप नहीं किये जाने व अवैध धन मांगे जाने की शिकायत की, इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार स्तर से जांच कराने के निर्देश दिये।
ग्राम सेमराडांग निवासी राधा पत्नी बृजलाल अहिरवार ने उनकी भूमि पर विपक्षियों द्वारा सरकारी पत्थर गड्डी तोड़कर कब्जा करने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष बार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को संयुक्त रुप से नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
इसी प्रकार भूपत तनय रखू निवासी बार ने उनकी भूमि पर मनरेगा योजनान्तर्गत भूमि सुधार का कार्य दिखाकर धनराशि निकाल लेने व मौके पर कोई कार्य न किये जाने की शिकायत की, इस पर जिलाधिकारी ने डीसी मनरेगा को स्वयं जांचकर नियमानुसार कार्यवाही कर रिपोर्ट देेने के निर्देश दिये।
तालबेहट तहसील अन्तर्गत ग्राम बुदावनी निवासी ऊषा ने दिव्यांग पेंशन न आने की शिकायत की, जिस पर उनके फार्म को देखकर पाया गया कि फार्म फाईनल लॉक नहीं है, उन्हें सलाह दी गई की फार्म पूरा भरवाकर आधार अथेन्टीकेशन कराने के बाद फाईनल लॉक करायें और कार्यालय में जमा करा दें।
लाखन तनय चिमन अरिवार निवासी गदयाना ने रास्ते पर दीवार खड़ी करने व सरकारी हैण्डपम्प पर कब्जा कर अपने मकान के अंदर कर लेने की शिकायत की, इस पर थानाध्यक्ष बार व लेखपाल को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए।
*आज सम्पूर्ण समाधान दिवस में निम्न शिकायतें प्राप्त हुईं:-* तहसील तालबेहट में कुल 160 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 36, विकास के 14, पुलिस के 32, विद्युत के 11 तथा अन्य विभागों के 67 प्रार्थना पत्र शामिल हैं, जिनमें से 19 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील ललितपुर में कुल 35 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व विभाग के 12, पुलिस के 05, विद्युत के 04, विकास विभाग का 01 तथा अन्य विभागों के 13 प्रार्थना पत्र शामिल हैं, जिनमें से 03 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील पाली में कुल 30 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 20, चकबंदी के 07, पुलिस का 01 तथा अन्य विभागों के 02 प्रार्थना पत्र शामिल है, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील महरौनी में कुल 21 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 11, पुलिस के 05, चकबंदी का 01, पूर्ति का 01, विद्युत का 01, नगर पंचायत का 01 तथा अन्य विभाग का 01 प्रार्थना पत्र शामिल है, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील मड़ावरा में कुल 20 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व के 08, पुलिस के 10 तथा अन्य विभागों के 02 प्रार्थना पत्र शामिल है, जिनमें से 03 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मो0 मुश्ताक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ इम्तियाज अहमद, उप जिलाधिकारी तालबेहट अभिजीत सिंह, क्षेत्राधिकारी तालबेहट एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।