नम आंखों से दी गई माता रानी को विदाई, नत्थीखेड़ा रामघाट तालाब में हुआ मूर्ति विसर्जन

ललितपुर जिले के थाना पूराकलां क्षेत्र के ग्राम नत्थीखेड़ा में दुर्गा जागरण समिति द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का नौ दिनों तक विधि-विधान से पूजन-अर्चन करने के बाद विसर्जन किया गया। इस अवसर पर भक्तों ने डीजे और गाजे-बाजे के साथ माता रानी को भावभीनी विदाई दी।

विसर्जन यात्रा श्री रामराजा मंदिर के समीप स्थित दुर्गा पंडाल से शुरू हुई, जिसमें आजादपुरा सहित अन्य मोहल्लों के पंडालों की प्रतिमाएं भी शामिल रहीं। बरिया चौराहे से शुरू हुई यह शोभायात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान भक्त माता रानी के जयकारे लगाते रहे और अबीर-गुलाल उड़ाते हुए चल रहे थे। यात्रा के दौरान जगह-जगह मां की आरती उतारी गई और प्रसाद का वितरण किया गया।

मां अंबे की प्रतिमा ट्रैक्टर पर विराजमान थी। शोभायात्रा में डीजे की धुन पर माताएं, बहनें, बच्चे और पुरुष नृत्य करते हुए चल रहे थे। अंत में रामघाट तालाब पर पहुंचकर सभी श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां की आरती उतारी और विधि-विधान के साथ प्रतिमा को विसर्जित किया। श्रद्धालुओं ने मां अंबे के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया।

आठ दिनों तक चले इस आयोजन में प्रतिदिन छोटे बच्चों द्वारा तरह-तरह की झांकियां प्रस्तुत की गईं। इसी क्रम में पूराकलां क्षेत्र के कस्बा पूराकलां, चौबारा, विजयपुरा, हसारकलां, उगरपुर, मातेरा, झावर, पुराखुर्द, कंधारीकला और कंधारी खुर्द सहित कई गांवों में भी नौ दिनों तक स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का नजदीकी नहरों एवं तालाबों में विसर्जन किया गया।

पूराकलां थाना प्रभारी अजमेर सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत एमपी बॉर्डर पुलिस का सहयोग लिया गया है। सभी विसर्जन स्थलों पर थाने और नत्थीखेड़ा चौकी की फोर्स तैनात की गई है। नत्थीखेड़ा चौकी प्रभारी राजेश नागर, उप निरीक्षक सत्य प्रकाश और कांस्टेबल नृपत सिंह राजपूत को क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

Deepu Gupta

@deepugupta1310

Reporter Talbehat

0 फॉलोअर्स