कर्नल्स एकेडमी सेकेंडरी स्कूल में भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने बिखेरे रंग.

ललितपुर जनपद में आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध कर्नल्स एकेडमी सेकेंडरी स्कूल में शारदीय नवरात्रि की नवमी के अवसर पर भव्य गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय में आयोजित इस प्रथम गरबा महोत्सव में कक्षा 1 से 9वीं तक के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उल्लास के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने नवरात्रि पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। श्रीमती जैन ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन हमारी भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का कार्य करते हैं, जिससे बच्चों में अपने त्योहारों के प्रति सम्मान और गहरी समझ विकसित होती है।

गरबा महोत्सव के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थी रंग-बिरंगी और आकर्षक पारंपरिक पोशाकों में नजर आए। विद्यार्थियों ने डांडिया और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह पहला अवसर है जब स्कूल में इतने बड़े पैमाने पर गरबा कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जो अत्यंत सफल रहा। प्रबंधन ने इसे केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों को भारतीय संस्कृति व सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बताया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रंजीत साहू ने कार्यक्रम के दौरान अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों के सर्वांगीण विकास को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम त्योहारों की वास्तविक भूमिका और उनके सामाजिक व सांस्कृतिक महत्व को बच्चों के मन-मस्तिष्क में जीवंत रखते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर अमित नामदेव, निशिता, रुक्षाना, कंचन, नम्रता जैन, विजय, निशिका सोनी, कहकशा, वीर पटेल, निशांत, दिनेश एवं राखी की विशेष उपस्थिति रही। सभी शिक्षकों एवं समन्वयक टीम के सराहनीय योगदान से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

लेखक के बारे में

MANOJ JAIN

@admin

Managing Director & Founder | Lalitpur Live TV

5000 फॉलोअर्स