नत्थीखेड़ा में धूमधाम से हुआ जवारा विसर्जन, भक्तिमय माहौल में ग्रामीणों ने मांगी सुख-समृद्धि

ललितपुर के थाना पूराकलां क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नत्थीखेड़ा में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर दुर्गा नवमी के दिन परम्परागत जवारे विसर्जन का महोत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा गांव भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया ग्रामीणों के अनुसार, नवरात्रि के पहले दिन घट स्थापना के साथ मिट्टी के पात्रों में जौ के बीज बोकर जवारे बोए जाते हैं। नौ दिनों तक अखंड ज्योति के समक्ष इन जवारों की विधि-विधान से पूजा और सेवा की जाती है। ये जवारे सुख, समृद्धि, खुशहाली और अच्छी फसल के साथ माँ दुर्गा के आशीर्वाद के प्रतीक माने जाते हैं।

दुर्गा नवमी की सुबह से ही गांव में भक्तिमय वातावरण बन गया था। दोपहर के समय गांव की सैकड़ों माताओं, बहनों और बेटियों ने सोलह श्रृंगार कर अपने सिर पर जवारों से भरी टोकरियां रखीं। ढोल-नगाड़ों और डीजे की भक्तिमय धुनों के बीच "माँ शेरावाली - जय माता दी" के जयकारों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सबसे आगे युवाओं की टोली नाचती-गाती चल रही थी, जबकि पीछे बुजुर्ग और महिलाएं भक्ति गीत गाते हुए चल रहे थे।

गांव भ्रमण के बाद श्रद्धालु तालाब के किनारे पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ जवारों का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने माँ दुर्गा से गांव में सुख-शांति, अच्छी बारिश और सभी के कल्याण की प्रार्थना की। विसर्जन के पश्चात ग्रामीणों ने एक-दूसरे को जवारे भेंट कर बधाई दी और बड़ों ने छोटों को आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम के दौरान गांव के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

लेखक के बारे में

Deepu Gupta

@deepugupta1310

Reporter Talbehat

0 फॉलोअर्स