रिपोर्टर कल्याण अहिरवार चंदेरी जिला अशोक नगर
चंदेरी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहाबाद चंदेरी से करीब 60 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, साथ ही मौके पर करीब 200 लीटर लहान को नष्ट कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतरसिंह कनेश और एसडीओपी चंदेरी महेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंदेरी निरीक्षक प्रशांत यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 11 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि फतेहाबाद में एक महिला अपने घर के पीछे हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब की केनें कहीं ले जाने के उद्देश्य से रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर फतेहाबाद चंदेरी के लिए रवाना किया गया।
पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां ममता बाई अहिरवार पत्नी जयराम अहिरवार निवासी फतेहाबाद चंदेरी के घर के पीछे ड्रम में भरी करीब 60 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अलावा मौके पर करीब 200 लीटर लहान भी मिला, जिसे पुलिस ने नष्ट कर दिया। पुलिस ने कच्ची शराब जब्त कर आरोपी ममता बाई अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना चंदेरी में आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक प्रशांत यादव, उप निरीक्षक जगदीश पारासर, प्रधान आरक्षक आनंद सोलंकी, प्रधान आरक्षक रविकांत चौकसे, आरक्षक योगेन्द्र रघुवंशी, आरक्षक राधेश्याम यादव, आरक्षक विश्वनाथ सिंह, आरक्षक विष्णु प्रजापति और महिला आरक्षक साधना बुंदेला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

📸 और तस्वीरें