ललितपुर पुलिस द्वारा जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में छिनैती के एक मामले में वांछित अभियुक्त ने पुलिस के डर से आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र (पीली धातु का पेन्डेन्ट) भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ललितपुर संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली ललितपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। कोतवाली ललितपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0 1061/2026 धारा 304(2)/317(2) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त आसिफ उर्फ अन्ना, पुत्र महबूब खां, निवासी मुहल्ला चौबयाना, थाना कोतवाली, ललितपुर को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
घटना के संबंध में वादिया सपना कुशवाहा पत्नी राजेश ने 11 अक्टूबर 2026 को सूचना दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मंगलसूत्र छीन लिया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली ललितपुर में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस ने तीन पुलिस टीमों का गठन किया था, जो लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगालने और साक्ष्य संकलित करने में जुटी थीं। पुलिस की सक्रियता और पकड़े जाने के डर से अभियुक्त आसिफ ने कोतवाली ललितपुर में आकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिसे पुलिस ने नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान 30 वर्षीय अभियुक्त आसिफ उर्फ अन्ना ने बताया कि उसने 11 अक्टूबर 2026 की सुबह 5:30 बजे रघुनाथ जी मंदिर, चौबयाना के पास अंधेरे का फायदा उठाकर महिला का मंगलसूत्र छीना था और मौके से फरार हो गया था। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि घटना के बाद से ही पुलिस लगातार छानबीन कर रही थी, सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे थे और कई लोगों से पूछताछ की जा रही थी। उसने बताया कि इससे पहले भी ललितपुर पुलिस द्वारा कई अपराधियों को मुठभेड़ में घायल किए जाने की घटनाओं से वह काफी डर गया था। उसे लगा कि वह जल्द ही पकड़ा जाएगा, जिसके चलते उसने आत्मसमर्पण कर दिया।
पुलिस ने अभियुक्त को 15 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया है और उसके पास से छीना गया एक अदद मंगलसूत्र पेन्डेन्ट बरामद किया गया है।