मुठभेड़ में दबोचे गए राजस्थानी चोर गैंग के तीन आरोपी गिरफ्तार.पुलिस से घिरते बदमाश पुलिस पर ही फायरिंग करने लगें

झांसी में चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में बैठे तीन शातिर चोर शुक्रवार को पुलिस से घिरते ही फायरिंग करने लगे सीपरी बाजार पुलिस ने कांशीराम पार्क के पीछे बंद पड़े क्रेशर के पास घेराबंदी कर तीनों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी राजस्थानी अंतरराज्यीय चोर गिरोह के सदस्य हैं।

इनके पास से दो तमंचे, चार कारतूस, तीन सब्बल, 12 हजार रुपए से ज्यादा नगद और चोरी के जेवर बरामद हुए हैं।बीती 2 अगस्त को सीपरी बाजार क्षेत्र के मुंशीराम कंपाउंड के एक बंद मकान में चोरी हुई थी।

इसके बाद पुलिस टीम चोरों की तलाश में जुटी थी।

इसी दौरान शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन शातिर चोर कांशीराम पार्क के पीछे बंद पड़े क्रेशर के पास फिर किसी मकान में चोरी करने की योजना बना रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी कर ली।

पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने तमंचों से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया।पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के रामस्वरूप निवासी आमली कला, थाना शाहपुरा, भीलवाड़ा, कालू उर्फ भूरा बागरिया निवासी बाचा बस्ती, थाना शाहपुरा, भीलवाड़ा और सत्यनारायण उर्फ सत्तू पवार निवासी तहनाल, थाना शाहपुरा, भीलवाड़ा के रूप में हुई है।पूछताछ में पुलिस को पता चला कि तीनों राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय चोर गिरोह से जुड़े हैं।

गिरोह के सदस्य पहले बंद मकानों की रेकी करते थे।

इसके बाद मौका देखकर सब्बल से ताले और दरवाजे तोड़कर घर में घुसते और नकदी-जेवर लेकर फरार हो जाते थे।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 2 अगस्त को मुंशीराम कंपाउंड के बंद मकान में चोरी करना कबूल किया है।

बरामद 12,790 रुपए और आभूषण इसी चोरी से संबंधित बताए जा रहे हैं।

इसके अलावा आरोपियों ने सीपरी बाजार थाने में दर्ज एक अन्य चोरी के मुकदमे का भी खुलासा किया है।पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो साथियों नारायण बागरिया निवासी अजमेर और महेंद्र बागरिया निवासी भीलवाड़ा के नाम बताए हैं।

दोनों अभी फरार हैं।

पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।पकड़े गए चोरों के पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा, 12 बोर का एक देशी तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तीन लोहे के सब्बल, 12,790 रुपए नकद, पीली धातु की तीन अंगूठियां और सफेद धातु की दो जोड़ी बिछिया बरमाद हुए हैं।एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास सामने आया है।

कालू उर्फ भूरा बागरिया के खिलाफ राजस्थान के राजसमंद और भीलवाड़ा जिलों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।इसके अलावा झांसी के सीपरी बाजार थाने में भी उसके खिलाफ चोरी के मामले दर्ज हैं।

रामस्वरूप और सत्यनारायण के खिलाफ भी राजस्थान में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़, बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में सीपरी बाजार थाने में अलग से मुकदमा दर्ज किया है।

लेखक के बारे में

Archana Shriwas

@shrivasarchna1

Senior Reporter Mauranipur

1000 फॉलोअर्स