विदिशा: नीलम हेमंत राजपूत कांवड़ यात्रा की संयोजक नियुक्तसनातन श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में आगामी 3 अगस्त 2026 को श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी ने बताया कि यात्रा को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी पदाधिकारी व सदस्य तैयारियों में जुटे हैं।उन्होंने बताया कि विधि-विधान से पूजन के उपरांत कांवड़ यात्रा प्रातः 9:00 बजे बड़वाले घाट स्थित श्री हनुमान मंदिर (बेतवा तट) से शुरू होगी।
यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए माधवगंज स्थित शिवालय महादेव (कांच मंदिर) पहुंचेगी, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन होगा।मंगलवार को परिणय गार्डन में आयोजित बैठक में समिति अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी की अनुशंसा व वरिष्ठ पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से नीलम हेमंत राजपूत को कांवड़ यात्रा का संयोजक नियुक्त किया गया।
दायित्व मिलने पर नीलम हेमंत राजपूत ने कहा कि कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और आस्था का पावन पर्व है, जो समाज में धार्मिक व सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करती है।बैठक में यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
समिति अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी ने निर्देश दिए कि बड़वाले घाट पर वर्षा की संभावना को देखते हुए महिलाओं की सुविधा के लिए वाटरप्रूफ टेंट लगाए जाएं।
साथ ही, कांवड़ में सुरक्षित रूप से जल भरवाने के लिए 5 से 10 सदस्यों की दो से तीन टीमें गठित करने का निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त, महिला सदस्यों को विभिन्न मंदिरों में बैठकें आयोजित कर अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को यात्रा से जोड़ने का कार्य सौंपा गया।समिति के प्रवक्ता मनोज शर्मा ने कहा कि हिंदू धर्म में कांवड़ यात्रा को तीर्थ यात्रा के समान पुण्यदायी माना गया है।
इस बैठक में समिति के संस्थापक अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा, पूर्व अध्यक्ष बल्लू महाराज, सजीव शर्मा, दीपक सक्सेना सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।