हर घर जल' योजना का पानी न मिलने पर भड़कीं महिलाएं,वाटर प्लांट पहुंचकर सुनाई अपनी दास्तां

गुरसरांय (झाँसी) सरकार की महत्वाकांक्षी 'हर घर जल' योजना धरातल पर दम तोड़ती नजर आ रही है। भीषण गर्मी के इस दौर में बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही महिलाओं का सब्र आखिरकार टूट गया।27 मई बुधवार की सुबह नगर में भीषण गर्मी के बीच पानी की बूंद-बूंद को तरस रहीं दर्जनों महिलाओं ने सीधे स्थानीय रामनगर रोड़ स्थित वाटर प्लांट पर पहुंचकर जमकर विरोध जताया।महिलाओं का आरोप है कि पिछले तीन-चार दिनों से उनके मुहल्ले में पानी की सप्लाई ठप पड़ी है। पानी के वैकल्पिक स्रोतों के रूप में लगे हैंडपंप भी या तो खराब हैं या दूषित पानी उगल रहे हैं। ऐसे में दैनिक कार्यों और पीने के पानी के लिए उन्हें भीषण धूप में दूर-दराज से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।वाटर प्लांट के कर्मचारियों और विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली से परेशान महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। महिलाओं ने अधिकारियों को घेरकर खरी-खोटी सुनाई और पूछा कि "जब कागजों में 'हर घर जल' पहुंच रहा है, तो जमीनी स्तर पर हमारे नल सूखे क्यों पड़े हैं? महिलाओं ने बताया की कटरा मुहल्ले के वार्ड नंबर 11 में पहले 4 इंची पाइपलाइन से लाइन जुड़ी हुई थी जिससे पानी लोगों को भरपूर रूप से मिल जाता था लेकिन उस 4 इंची पाइपलाइन को हटाकर उसे 2 इंची पाइपलाइन से जोड़ दिया गया जिससे पानी का प्रेशर मुहल्ले में नहीं पहुंच पाता है और बूंद-बूंद पानी टपकता है,मुहल्ले वासियों ने बताया कि 2 इंची पाइपलाइन को हटाकर 4 इंची पाइपलाइन से जोड़ दिया जाए तो इस समस्या का समाधान हो जाएगा।इस अवसर पर मौके पर मौजूद प्रोजेक्ट मैनेजर कुश शाह ने महिलाओं को शांत कराते हुए तकनीकी खराबी का हवाला दिया और जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर भरत राठौर पार्षद,अमर सिंह साहू,रचना देवी पार्षद,गोलू, कश्यप,राहुल,नेता,विनोद कुशवाहा,मुलायम सिंह,विपिन खरे,संजू,रामश्री,देवीदयाल,दीपू सेंन,मोहन लाल फौजी,सन्तराम पाल,भगवान सिंह,शीतल यादव,सुन्नी देवी सहित कई महिलाएं,पुरुष शामिल रहे।

लेखक के बारे में

MANOJ JAIN

@admin

Managing Director & Founder | Lalitpur Live TV

5000 फॉलोअर्स