झांसी के नवाबाद में नकली सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो करोड़ की मशीनरी और सामग्री के साथ एक गिरफ्तार.

झांसी के थाना नवाबाद क्षेत्र में पुलिस ने नकली सिगरेट और उनकी पैकेजिंग तैयार करने वाले अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुमनावारा-पिछोर स्थित महाराणा प्रताप नगर में बने एक गोदाम और फैक्ट्री में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में नकली सिगरेट, पैकेजिंग सामग्री, तंबाकू और फिल्टर रोल बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री और मशीनरी की कुल कीमत करीब दो करोड़ रुपये है।

पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर प्रिया सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नवाबाद रवि श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। आईटीसी लिमिटेड की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बताए गए स्थान पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने श्रीनिवास मिश्रा (करीब 63 वर्ष), निवासी अंसल पाम, थाना नवाबाद, झांसी को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध दर्ज अभियोग के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी के दौरान गोदाम से तंबाकू के 15 बोरे बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक का वजन लगभग 25 किलोग्राम है। इसके अलावा गोल्ड फ्लेक सिगरेट की खाली पैकेजिंग सामग्री की 44 पेटियां मिलीं। प्रत्येक पेटी में करीब 10 हजार पैकेजिंग पीस होने की जानकारी दी गई है। मौके से गोल्ड फ्लेक के 45 पीसीडी फिल्टर रोल, आउटर रोल पेपर की 15 बोरियां और विल्स फ्लेक के 18 रोल पेपर भी बरामद किए गए।

गोदाम के दूसरे कक्ष से विल्स फ्लेक सिगरेट की लगभग 2.40 लाख नकली खाली पैकेजिंग सामग्री, 45 पीसीडी फिल्टर रोल और नौ आउटर बॉक्स बरामद हुए। इसके साथ ही गोल्ड फ्लेक सिगरेट के 20 आउटर बॉक्स भी मिले। आईटीसी की टीम ने जांच के बाद बरामद सिगरेट और संबंधित सामग्री को नकली पाया है।

पुलिस ने बरामद सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया है। मौके पर नायब तहसीलदार सदर अभिनाष कुमार को बुलाया गया, जिनकी मौजूदगी में गोदाम और संचालित फैक्ट्री को सील कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

लेखक के बारे में

Archana Shriwas

@shrivasarchna1

Senior Reporter Mauranipur

1000 फॉलोअर्स