अछरौनी हत्याकांड: आम तोड़ने के विवाद में भाभी की जान लेने वाले चाचा-भतीजे गिरफ्तार, खनियाधाना पुलिस ने भेजा जेल

अतुल कुमार जैन

खनियाधाना। थाना खनियाधाना पुलिस ने आम तोड़ने के मामूली विवाद में अपनी सगी भाभी की हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। माननीय न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर दोनों आरोपियों को उपजेल पिछोर दाखिल कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने हत्या जैसे जघन्य अपराध में तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

(क्या है पूरा मामला)

19 मई 2026 को फरियादिया खुमनिया प्रजापति पत्नी स्व. दयाराम प्रजापति, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम अछरौनी ने थाना खनियाधाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। खुमनिया ने बताया कि वह घर के बाहर बैठी थी तभी देवर सिरनाम प्रजापति, भतीजा राहुल प्रजापति और लुक्का उर्फ सोनसिंह प्रजापति वहां आए। शामलाती आम के पेड़ से आम तोड़ने की बात पर तीनों ने गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दीं।

विवाद बढ़ने पर सिरनाम प्रजापति ने लाठी-लुहांगी से खुमनिया के सिर पर वार कर दिया, जिससे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। राहुल और लुक्का उर्फ सोनसिंह ने भी खुमनिया और रामकुमार प्रजापति के साथ मारपीट की। पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 177/2026 धारा 296ए, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

(इलाज के दौरान हुई मौत, हत्या की धारा बढ़ाई)

घायल खुमनिया प्रजापति को इलाज के लिए जेएएच अस्पताल ग्वालियर रेफर किया गया था। इलाज के दौरान खुमनिया की मौत हो गई। मृत्यु के बाद पुलिस ने प्रकरण में धारा 118(1), 103(1) बीएनएस का इजाफा कर हत्या की धारा में तब्दील कर दिया।

(ऐसे पकड़े गए आरोपी)

एसपी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के निर्देशन तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरी. केदार सिंह यादव ने टीम गठित की। टीम ने दबिश देकर आरोपी 1. सिरनाम प्रजापति पुत्र कम्भोद उर्फ कम्भोदा उम्र 52 साल और 2. लुक्का उर्फ सोनसिंह उर्फ सोहनसिंह पुत्र सिरनाम प्रजापति उम्र 20 साल, निवासीगण प्रजापति मौहल्ला ग्राम अछरौनी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद कर ली है। आरोपियों का मेमोरेण्डम लेकर जप्ती की कार्रवाई की गई। शुक्रवार 13 जून 2026 को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय खनियाधाना में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उपजेल पिछोर भेज दिया गया। तीसरे आरोपी राहुल प्रजापति की तलाश जारी है।

(इनकी रही सराहनीय भूमिका)

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरी. केदार सिंह यादव के नेतृत्व में सउनि रामसिंह भिलाला, सउनि हजारीलाल जाटव, सउनि जगदीश शरण बंजारा, प्रआर. नरेन्द्र सिंह पाल, प्रआर. नीतू सिंह, प्रआर. हीरा सिंह, आर. अनूप कुमार, आर. हेमसिंह गुर्जर, आर. योगेन्द्र सिंह, आर. रवि बाथम, आर. उमेश लोधी, आर. दीपक किरार, आर. अरविन्द्र सिंह कौरव, आर. आशीष राजपूत, म.आर. हनीराजा चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

लेखक के बारे में

ATUL JAIN

@atuljain

Senior Reporter Shivpuri

1000 फॉलोअर्स