पूरा कलां में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही: जंगल में कूड़े की तरह फेंकी मिली सरकारी दवाइयां किसान नेता के वीडियो से हुआ खुलासा
दीपू गुप्ता
ललितपुर। जिले के थाना पूराकलां क्षेत्र के मगरा घाट में स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है। यहां जंगल में भारी मात्रा में सरकारी दवाइयां लावारिस हालत में फेंकी हुई मिली हैं। ये दवाइयां जीवन रक्षक बताई जा रही हैं।
इस पूरे मामले का खुलासा भारतीय किसान यूनियन के तालबेहट तहसील अध्यक्ष रामकिशन यादव के एक वीडियो से हुआ। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर बताया कि मगरा घाट के जंगल में सरकारी दवाओं का जखीरा कूड़े की तरह पड़ा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दवाओं के डिब्बे और पत्ते बिखरे पड़े हैं।
वीडियो में रामकिशन यादव ने गहरा गुस्सा जताते हुए कहा, _"ये दवाइयां हमारे उन असहाय और गरीब मजदूरों के काम आनी चाहिए थीं, जिन्हें इलाज की सख्त जरूरत है। उन्हें जंगल में फेंकना बहुत ही गलत और गैर-जिम्मेदाराना हरकत है।"_
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरंत मगरा घाट पहुंची। टीम ने मौके से सभी दवाइयों को कब्जे में ले लिया है।
विभाग ने इस गंभीर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि ये सरकारी दवाइयां जंगल में कैसे पहुंचीं। इसके पीछे कौन से कर्मचारी या अधिकारी जिम्मेदार हैं, इसकी जांच की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दवाओं की बैच संख्या और एक्सपायरी डेट देखी जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से इलाके के लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि एक तरफ सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की कमी रहती है, वहीं दूसरी तरफ कीमती दवाइयां जंगल में फेंकी जा रही हैं।
रामकिशन यादव, अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन तालबेहट

📸 और तस्वीरें
×