नाराहट (ललितपुर)।
ग्राम नाराहट स्थित अमझरा धाम में मंगलवार को विश्वकर्मा युवा संगठन के नेतृत्व में विश्वकर्मा समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इसके बाद बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।मुख्य अतिथि सी.एल.
पांचाल ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका की भी सराहना की।वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।
इससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए और अधिक प्रेरित होते हैं।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लखन विश्वकर्मा, राजेंद्र विश्वकर्मा, धर्मेंद्र विश्वकर्मा, अमर विश्वकर्मा, गिरीश विश्वकर्मा, लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा, सुनील विश्वकर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मंच संचालन सनत विश्वकर्मा एवं प्रीतम विश्वकर्मा ने किया।समारोह में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।