जनपद प्रांगण में जनकल्याणकारी शिविर संपन्न: विधायक प्रीतम लोधी ने हितग्राहियों को बांटे लाभ,'एक बगिया मां के नाम' से लाडली लक्ष्मी तक, 6 पेंशन-3 ट्राइसाइकिल-1 छड़ी का वितरण

अतुल जैन

खनियाधाना। मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक चलाए जा रहे जनकल्याणकारी शिविरों की श्रृंखला में गुरुवार 12 जून को जनपद पंचायत प्रांगण खनियाधाना में शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम ममता शाक्य ने की। इस मौके पर जनपद पंचायत सीईओ मोगराज मीणा सहित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष हितग्राही मौजूद थे।

अपने उद्बोधन में विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा, _"जनकल्याणकारी योजनाएं शासन की प्राथमिकता हैं। यदि किसी को जनता की सेवा करने का अवसर मिला है तो उसे आगे बढ़कर पूरी निष्ठा एवं खुले मन से सहयोग करना चाहिए। प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारा प्रमुख उद्देश्य है।"_ उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से भी पूरी लगन के साथ कार्य कर शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए:- *'एक बगिया मां के नाम' योजना:* ग्राम पंचायत देखा की श्रीमती राजकुमारी जाटव ,*लखपति दीदी योजना:* ग्राम पंचायत मुड़िया की संगीता यादव, कफार की अनीता लोधी , *लाडली लक्ष्मी योजना:* 6 हितग्राही,*पेंशन योजना:* 18 हितग्राही , *दिव्यांग सहायता:* ट्राई साइकिल 3 हितग्राही एवं छड़ी 1 हितग्राही को प्रदान की गई

शिविर में उपस्थित नागरिकों को आयुष्मान, खाद्यान्न पर्ची, उज्ज्वला, आवास सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही उनकी समस्याओं एवं आवेदनों का निराकरण भी किया गया।

जनपद पंचायत सीईओ मोगराज मीणा ने बताया कि जनपद पंचायत सभागार में 12 जून को छात्र-छात्राओं की चित्रकला प्रतियोगिता और 13 जून को स्व-सहायता समूह की महिलाओं का कुकिंग कंपटीशन आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम समापन जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभ दिलाने के संकल्प के साथ किया गया।

लेखक के बारे में

ATUL JAIN

@atuljain

Senior Reporter Shivpuri

1000 फॉलोअर्स