ललितपुर।
जिलाधिकारी सत्यप्रकाश के मार्ग दर्शन तथा जिला विद्यालय निरीक्षक ओम प्रकाश एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रत्नेश कुमार के निर्देशन में संचालित विज्ञान बस जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से भ्रमण कर रही है आईआईटी कानपुर द्वारा निर्मित और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, लखनऊ द्वारा संचालित यह बस इसी क्रम में आज जनपद के दूरस्थ क्षेत्र मडावरा पहुंची।मरावड़ा में खंड शिक्षा अधिकारी नरेश रावत ने विज्ञान बस का शुभारंभ किया और इसका अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक वैज्ञानिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
इससे विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तर्कशीलता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलती है।विज्ञान बस के माध्यम से माध्यमिक और परिषदीय विद्यालयों के लगभग 700 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों, प्रयोगों और प्रयोगशाला उपकरणों का अवलोकन किया।
बस में उपलब्ध इन उपकरणों के जरिए विद्यार्थियों को विज्ञान के विभिन्न विषयों को सरल और रोचक ढंग से समझाया गया।
विद्यार्थियों ने बस में मौजूद वैज्ञानिक गतिविधियों में विशेष रुचि दिखाई और उत्साहपूर्वक प्रयोगों को देखा।इस अवसर पर जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक राहुल जैन, प्रधानाचार्य भवानी शंकर, प्रधानाध्यापक प्रमोद नायक, प्रधानाचार्या नीलम सेंगर के साथ ही शिक्षक दीपक जैन, भानु प्रताप, अंसार खान, पंकज कुमार और राम पाल सहित अन्य विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।