बामौर कलां में दरिंदगी: गर्भवती महिला के पेट में मारी लात, अस्पताल पहुंचने से पहले हुआ प्रसव, नवजात की मौत
📰 अतुल कुमार जैन
बामौर कलां । शिवपुरी जिले के बामौरकलां थाना क्षेत्र के डोंगा गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों ने एक गर्भवती महिला के साथ मारपीट की, जिसमें एक आरोपी ने महिला के पेट में जोरदार लात मार दी। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही प्रसव हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया।
पीड़ित वीरपाल यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 जुलाई की रात करीब 10 बजे गांव के ही अंकेश यादव और गोलू यादव उनके घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों उनकी बेटी को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। जब वीरपाल की गर्भवती पत्नी नंदकुर यादव ने इसका विरोध किया, तो आरोपी अंकेश ने उनके पेट में जोरदार लात मार दी। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए पहले खनियाधाना स्वास्थ्य केंद्र और फिर पिछोर स्वास्थ्य केंद्र लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और उसने नवजात को जन्म दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद नवजात को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिवार में मातम छा गया।
मंगलवार रात पीड़ित परिवार मृत नवजात को लेकर बामौरकलां थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बामौरकलां थाना प्रभारी संजय लोधी ने बताया कि पीड़ित वीरपाल यादव की शिकायत पर अंकेश यादव और गोलू यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यकतानुसार धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी।

📸 और तस्वीरें
×