प्रतिभा एवं कला सम्मान समारोह 2026: मेधावियों का हुआ भव्य सम्मान, विद्यार्थियों को सफलता के दिए मंत्र, लोक कलाकारों और पत्रकारों का भी हुआ अभिनंदन

📰 अतुल कुमार जैन
बामौर कलां। ग्राम पंचायत बामौर कलां के स्थानीय मांगलिक भवन में डीआरएस कोचिंग बामौर कलां द्वारा आयोजित "प्रतिभा एवं कला सम्मान समारोह-2026" गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह शिक्षा, संस्कृति और प्रतिभा के अद्भुत संगम का साक्षी बना, जहां एक ओर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया, वहीं दूसरी ओर बुंदेली लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखने वाले कलाकारों तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने वाले पत्रकारों का भी विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं को सम्मानित करना नहीं, बल्कि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

-: मां सरस्वती की आराधना से हुआ शुभारंभ :-

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. अनंत गुप्ता, थाना प्रभारी संजय लोधी एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात छात्राओं ने मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, अनुशासन और सम्मान का वातावरण बना रहा।

-: अतिथियों का किया गया आत्मीय सम्मान :-

डीआरएस कोचिंग परिवार की ओर से मंचासीन सभी अतिथियों का शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

-: क्षेत्र के मेधावियों को मिला सम्मान :-

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कक्षा 12वीं में पिछोर विधानसभा क्षेत्र में प्रथम तथा शिवपुरी जिले में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले ओम गुप्ता को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

इसी प्रकार शासन की प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत स्कूटी प्राप्त करने वाले हर्षित राजा बुंदेला एवं मुस्कान जाटव का सम्मान किया गया। कक्षा 10वीं के मेधावी छात्र अरुण लोधी एवं गुड़िया झां को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा शासन की योजना के तहत लैपटॉप प्राप्त करने वाले क्षेत्र के 22 अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मंच पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

-: लोक संस्कृति और पत्रकारिता को भी मिला सम्मान :-

कार्यक्रम में बुंदेली संस्कृति को संरक्षित एवं जीवंत बनाए रखने वाले लोक कलाकार हरनाम सिंह एवं देशराज सिंह का विशेष सम्मान किया गया। वहीं समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका निभाने वाले ब्लॉक पत्रकार संघ खनियांधाना के सभी पत्रकार साथियों का भी सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई।

-: सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता - डॉ. अनंत गुप्ता :-

मुख्य अतिथि डॉ. अनंत गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने का कोई आसान रास्ता नहीं होता। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। जो विद्यार्थी कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहकर अध्ययन करते हैं, सफलता स्वयं उनके कदम चूमती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उन्हें सीख के रूप में स्वीकार करें और लगातार अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते रहें।

-: 100 प्रतिशत लक्ष्य बनाइए, सफलता स्वयं मिलेगी - थाना प्रभारी संजय लोधी :-

थाना प्रभारी संजय लोधी ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों की उपलब्धियों में उनके माता-पिता और शिक्षकों का सबसे बड़ा योगदान होता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को निरंतर पढ़ाई के लिए प्रेरित करें और उनका मनोबल बढ़ाते रहें।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सरकार द्वारा दी जाने वाली स्कूटी और लैपटॉप जैसी योजनाएं केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा हैं। बच्चों को हमेशा बड़ा लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि कोई विद्यार्थी 100 में 100 अंक प्राप्त करने का लक्ष्य लेकर मेहनत करेगा, तो निश्चित रूप से वह 90 या 95 प्रतिशत तक अवश्य पहुंचेगा। इसलिए विद्यार्थियों को कभी भी सीमित लक्ष्य नहीं रखना चाहिए, बल्कि सर्वोच्च उपलब्धि प्राप्त करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में सम्मान समारोह में इतने अधिक मेधावी छात्र हों कि बैठने के लिए भी जगह कम पड़ जाए, यही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता होगी।

-: शिक्षा ही जीवन बदलने का सबसे बड़ा अस्त्र :-

ब्लॉक पत्रकार संघ खनियांधाना के अध्यक्ष संतोष शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो व्यक्ति के जीवन की दिशा और दशा दोनों बदल सकती है।

वहीं लोक कलाकार हरनाम सिंह एवं देशराज सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि जो छात्र आज पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मेहनत के साथ अपनी पढ़ाई करेंगे, भविष्य में समाज उसी सम्मान से उन्हें देखेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करने, माता-पिता का सम्मान करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

-: प्रेरणा का बना समारोह :-

पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मानित विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दिया। समारोह में मौजूद विद्यार्थियों ने भी संकल्प लिया कि वे अगले वर्ष और बेहतर प्रदर्शन कर इस मंच पर सम्मान प्राप्त करेंगे। आयोजन ने शिक्षा, संस्कार और संस्कृति का सुंदर संदेश देते हुए क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

-: आभार प्रदर्शन :-

कार्यक्रम के अंत में डीआरएस ग्रुप बामौर कलां के संचालक मंडल ने मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों, पत्रकारों, प्रबुद्ध नागरिकों तथा उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार प्रतिभाओं को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

लेखक के बारे में

ATUL JAIN

@atuljain

Senior Reporter Shivpuri

1000 फॉलोअर्स