समथर (झांसी)। कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती में बुधवार रात एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया। कांग्रेस छात्र संगठन एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष भरत व्यास की पत्नी प्रिया की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि मायके पक्ष ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मृतिका के पिता विनोद निवासी मोहल्ला डडियापुरा झांसी ने पुलिस को तहरीर देकर पति भरत व्यास पुत्र स्वर्गीय अरविंद व्यास,सास श्रीमती रोहिणी,देवर उदय,ताऊ राजेश पुत्र अज्ञात, सहित एक मौसी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बता दें कि सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई तथा जांच शुरू कर दी गई।पुलिस के अनुसार प्रिया का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला नई बस्ती निवासी भरत व्यास पुत्र बंटी व्यास कांग्रेस छात्र संगठन एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। उनकी पत्नी प्रिया जालौन जनपद के ग्राम खसीस निवासी विनोद की पुत्री थीं। बताया जाता है कि विनोद पिछले करीब दस वर्षों से झांसी में रह रहे हैं। परिवार में प्रिया के अलावा एक पुत्री और एक पुत्र हैं, जिनका विवाह अभी नहीं हुआ है।परिजनों के अनुसार फरवरी 2025 में प्रिया का विवाह पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ हुआ था। शादी के बाद शुरुआती दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गए। मायके पक्ष का आरोप है कि प्रिया को लगातार दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि ससुराल पक्ष की मांगों को पूरा करने के लिए पिता और भाई ने कई बार ऑनलाइन रुपये भेजे, वहीं कई मौकों पर नकद धनराशि भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से दहेज की मांग और दबाव कम नहीं हुआ। और आज जान से मारकर फांसी लगाकर पंखे से लटका दिया। हालांकि पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है
आधी रात किया था आखिरी फोन
मृतका के परिजनों का कहना है कि घटना से कुछ घंटे पहले रात करीब 12 बजे प्रिया ने मायके पक्ष को फोन किया था। देर रात होने के कारण कॉल रिसीव नहीं हो सकी। परिजनों के अनुसार जब सुबह करीब 4 बजे भाई ने वापस फोन लगाया तो उन्हें प्रिया की मौत की जानकारी मिली। यह खबर सुनते ही परिवार के लोग तत्काल समथर के लिए रवाना हो गए। घटनास्थल पर पहुंचकर बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उनकी शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो आज उनकी बेटी जीवित होती। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महज 15 माह में उजड़ गया एक परिवार
फरवरी 2025 में सात फेरों के साथ जिस वैवाहिक जीवन की शुरुआत हुई थी, वह महज एक वर्ष तीन माह में ही दर्दनाक अंत तक पहुंच गया। जिस घर में कभी शादी की खुशियां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। प्रिया की मौत ने न सिर्फ दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, ताकि इस मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

📸 और तस्वीरें