ललितपुर नगर में एक बार फिर टप्पेबाजी की घटनाएं शुरू बाइक की डिग्गी तोड़कर टप्पेबाजों ने उड़ाए 5 लाख रुपये सदर कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित तुवन मंदिर के पास हुई घटना.

ललितपुर शहर में दिनदहाड़े हुई टप्पेबाजी की एक बड़ी वारदात ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.कोतवाली सदर क्षेत्र के अंतर्गत तुवन मंदिर के पास अज्ञात चोरों ने एक युवक की बाइक की डिग्गी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 5 लाख रुपये पार कर दिए।

घटना उस समय हुई जब युवक बाइक का पंचर बनवा रहा था। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

अहिल्याबाई कॉलोनी निवासी बृजेश कुमार पुत्र मोहनलाल मंगलवार दोपहर अपने साथी अमित कुमार सैनी के साथ कंपनी बाग स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा पहुंचे थे।

वहां अमित कुमार के खाते से 5 लाख रुपये नगद निकाले गए दोनों युवक रकम को बाइक की डिग्गी में रखकर तुवन मंदिर की ओर जा रहे थे।

बताया गया है कि दोपहर करीब 4.30 बजे तुवन मंदिर के मुख्य गेट के पास अचानक बाइक का अगला पहिया पंचर हो गया। इसके बाद बृजेश कुमार मंदिर की बाउंड्री के किनारे स्थित एक पंचर दुकान पर बाइक ठीक कराने लगे।

पंचर बनवाने के दौरान हाथों में ग्रीस और मिट्टी लगने पर वह दुकान पर ही हाथ धोने लगे। इसी बीच अज्ञात बदमाशों ने मौका पाकर बाइक की डिग्गी का लॉक तोड़ दिया और उसमें रखे 5 लाख रुपये निकालकर फरार हो गए।

जब बृजेश हाथ धोकर वापस लौटे तो डिग्गी खुली देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर रखी पूरी रकम गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पीडि़त की तहरीर पर कोतवाली ललितपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर संख्या 0590/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा कायम किया है मामले की जांच उपनिरीक्षक देवराज सिंह को सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बैंक परिसर और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है आशंका जताई जा रही है कि बदमाश बैंक से ही युवकों का पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया गया।

लेखक के बारे में

MANOJ JAIN

@admin

Managing Director

5000 फॉलोअर्स