झांसी जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खकौरा घाट पर पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसएचओ मुकेश कुमार सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर खनन माफियाओं के नेटवर्क पर सीधा वार किया।
मौके से अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही लिफ्टर मशीन को कब्जे में लिया गया।कार्रवाई के दौरान कई खाली ट्रक भी पुलिस के हत्थे चढ़े। अचानक हुई इस छापेमारी से अवैध खनन से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी खनन विभाग और स्थानीय प्रशासन को भी दे दी है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई तेज की जा सके।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध खनन के इस खेल में किन-किन लोगों की भूमिका रही है।
खकौरा घाट पर हुई इस कार्रवाई को खनन माफियाओं के खिलाफ बड़ी चेतावनी माना जा रहा है फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
अब देखना होगा कि जांच के बाद इस पूरे नेटवर्क पर प्रशासन और क्या बड़ी कार्रवाई करता है।