नवागढ़ तीर्थ में राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन के दौरान विभूतियों का सम्मान, इंदौर में होगा आईजा का राष्ट्रीय सम्मेलन आईजा ने किया पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को ‘समाज रत्न’, पूर्व विधायक सुनील जैन को ‘युवक रत्न’ सहित कई विभूतियां सम्मानित

सिरोंज। ऐतिहासिक एवं अतिशय क्षेत्र नवागढ़ तीर्थ में आयोजित राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन के अवसर पर जैन समाज, पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न विभूतियों को सम्मानित किया गया। ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आईजा) के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राजीव जैन सैनानी द्वारा आयोजित इस गरिमामय समारोह में देश और समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को विभिन्न उपाधियों से नवाजा गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को समाज रत्न, पूर्व विधायक सुनील जैन को युवक रत्न, ब्रह्मचारी भैया जय निषांत जी को तीर्थ क्षेत्र रत्न तथा भरत सेठ को आईजा रत्न की उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह नवागढ़ तीर्थ क्षेत्र में विराजमान मुनि श्री 108 मंगलानंद सागर महाराज एवं मुनि श्री मंगल सागर महाराज के सान्निध्य तथा ब्रह्मचारी भैया जय निषांत जी के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारत सरकार के नीति आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना जैन, पूर्व मंत्री एवं विधायक यादवेंद्र सिंह, वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप जैन रायपुर, कमल जैन झांसी, श्रीमती निधि जैन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं जैन समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।

नवागढ़ में छुपे हैं जैन इतिहास के अनेक अनछुए आयाम - मुनि श्री मंगल सागर महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि नवागढ़ क्षेत्र ने जैन इतिहास के न जाने कितने महत्वपूर्ण आयामों को अपने भीतर संरक्षित कर रखा है। अभी इस गौरवशाली इतिहास का केवल एक छोटा हिस्सा ही सामने आ पाया है, जबकि अनेक महत्वपूर्ण तथ्य और ऐतिहासिक आयामों का उद्घाटन होना अभी शेष है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के इतिहास, पुरातात्विक महत्व एवं धार्मिक विरासत को गंभीरता से समझने और संरक्षित करने की आवश्यकता है।

पत्रकार निर्भीक और निष्पक्ष होकर करें कार्य - भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। पत्रकारों को निष्ठा, सजगता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के दबाव या भय से प्रभावित हुए बिना पत्रकारों को सत्य के पक्ष में अपनी लेखनी चलानी चाहिए। उन्होंने भारतीय संस्कृति, इतिहास और सामाजिक परिवेश के संरक्षण एवं उन्नयन में पत्रकारों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का भी सशक्त माध्यम है।

नवागढ़ के विकास के लिए सभी को मिलकर करना होगा प्रयास - टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह ने कहा कि उनका नवागढ़ तीर्थ से जुड़ाव वर्ष 1985 से है। उन्होंने कहा कि नवागढ़ में आयोजित गजरथ महोत्सव के दौरान पंडित गुलाबचंद जी पुष्प के सान्निध्य में उन्हें इस क्षेत्र से जुड़ने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ब्रह्मचारी निषांत भैया जी समय-समय पर उन्हें नवागढ़ के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर प्रदान करते हैं। भगवान के दर्शन और इस पवित्र भूमि पर आने से उन्हें अभूतपूर्व शांति की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि मीडिया, प्रशासन, जनप्रतिनिधि और समाज के लोगों को आपसी समन्वय एवं सद्भाव के साथ नवागढ़ के विकास की व्यापक योजना तैयार करनी चाहिए, ताकि भारतीय संस्कृति के उद्घोषक इस महत्वपूर्ण क्षेत्र का राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके।

जैन सिद्धांतों के माध्यम से समाज को नई दिशा दें - भारत सरकार के नीति आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना जैन ने कहा कि शासन और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जैन धर्म के सिद्धांतों को व्यापक स्तर पर समाज तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शाकाहार, अहिंसा, जीव दया तथा मूक पशुओं की चिकित्सा और भरण-पोषण जैसे कार्यों को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने नवागढ़ गुरुकुलम के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पुरस्कार एवं सम्मान योजनाएं संचालित करने का सुझाव दिया, जिससे विद्यार्थियों में अनुशासन, शिक्षा और संस्कारों के प्रति रुचि विकसित हो सके।

हजारों वर्ष पुराना इतिहास समेटे हुए है नवागढ़ - ब्रह्मचारी भैया जय कुमार निषांत ने नवागढ़ के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अतिशय क्षेत्र हजारों वर्ष प्राचीन शैलाश्रयों, जैन दर्शन से जुड़े रहस्यमय शैलचित्रों तथा गुप्तकाल, प्रतिहारकाल एवं चंदेलकाल के इतिहास को अपने भीतर समेटे हुए है। उन्होंने बताया कि नवागढ़ के प्राचीन नंदपुर का उल्लेख अहार जी के मूलनायक एवं पपौरा की प्रतिमाओं से जुड़े ऐतिहासिक विवरणों में भी मिलता है। चंदेल शासक मदनवर्मन द्वारा मदनपुर और अहार के साथ नवागढ़ क्षेत्र में भी मंदिर निर्माण कराए जाने के प्रमाण मिलते हैं। उन्होंने चंदेल शासक यशोवर्मन और जैन धर्म से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि नवागढ़ के इतिहास पर व्यापक शोध और दस्तावेजीकरण की आवश्यकता है।

डिजिटल मीडिया से जैन दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत - वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप जैन रायपुर ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता लगभग 200 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा पूरी कर चुकी है और आज पत्रकारिता एक नए दौर में प्रवेश कर रही है। वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया की भूमिका तेजी से बढ़ी है और इसे सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए जैन धर्म के विचार, भगवान महावीर के सिद्धांत, अहिंसा का संदेश और जिनवाणी को देश-दुनिया के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। पारंपरिक पत्रकारिता और आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के समन्वय से समाज एवं धर्म की सकारात्मक विचारधारा को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। वरिष्ठ पत्रकार कमल जैन झांसी ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया के सामने कई चुनौतियां हैं। पत्रकारों और समाज के श्रेष्ठी वर्ग को सजग रहकर भ्रामक स्थितियों से समाज को बचाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से निर्भीक होकर अपनी लेखनी का उपयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि ईमानदार श्रम और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता का मूल्यांकन अवश्य होता है। पाश्चात्य संस्कृति के बढ़ते प्रभाव के बीच हमारी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि हम समाज एवं राष्ट्र के गौरव को सुरक्षित रखते हुए सकारात्मक दिशा में कार्य करें।

पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा युवाओं और पत्रकारों को बनना होगा समाज परिवर्तन का माध्यम - वही युवक रत्न की उपाधि से सम्मानित पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके जागरूक युवाओं में निहित होती है। युवा यदि संस्कार, शिक्षा, सामाजिक सरोकार और अपनी सांस्कृतिक विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ें तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की चेतना और जनभावनाओं की सशक्त आवाज है। पत्रकारों को सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वाेपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि युवा और पत्रकार दोनों मिलकर समाज की अच्छाइयों को सामने लाएं, समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करें और भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं। पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि नवागढ़ जैसा ऐतिहासिक और धार्मिक क्षेत्र केवल जैन समाज की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक संपदा है। इसके संरक्षण, विकास और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए समाज, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और मीडिया को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।

इंदौर में होगा आईजा का राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन - नवागढ़ तीर्थ क्षेत्र में आईजा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व विधायक सुनील जैन, श्रीमती निधि जैन, नीति आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना जैन, वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप जैन रायपुर, कमल जैन झांसी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। बैठक में आईजा के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राजीव जैन सैनानी ने बताया कि आगामी माह में मुनि श्री 108 सुधा सागर महाराज के सान्निध्य में इंदौर में आईजा के राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में देशभर से जैन पत्रकार शामिल होंगे। राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन आईजा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया के निर्देशन में किया जाएगा। राजीव जैन सैनानी ने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए शीघ्र ही आईजा की प्रदेश कार्यकारिणी के अंतर्गत जिला एवं ब्लॉक स्तर पर भी संगठनात्मक गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य जैन समाज से जुड़े पत्रकारों को एक मंच पर लाना, पत्रकारिता के क्षेत्र में सहयोग और संवाद स्थापित करना तथा जैन धर्म, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान नवागढ़ तीर्थ की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा इसके व्यापक विकास को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन ने जहां पत्रकारिता, समाज और संस्कृति के बीच समन्वय का संदेश दिया, वहीं नवागढ़ जैसे ऐतिहासिक तीर्थ क्षेत्र को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के संकल्प को भी मजबूत किया।

नवागढ़ तीर्थ में राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन के दौरान विभूतियों का सम्मान, इंदौर में होगा आईजा का राष्ट्रीय सम्मेलन आईजा ने किया

लेखक के बारे में

शोभित जैन

@jainshobhit5

विदिशा REPORTER

0 फॉलोअर्स