ललितपुर।
राजघाट रोड हरदीला क्षेत्र में संचालित शराब की दुकान को लेकर अब स्थानीय छात्र-छात्राओं का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है क्षेत्र के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी एवं जिला आबकारी अधिकारी को सामूहिक प्रार्थना पत्र सौंपकर शराब दुकान को आबादी से हटाकर अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग की है छात्रों का कहना है कि दुकान के कारण क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है और इसका सीधा असर उनकी पढ़ाई, मानसिक स्थिति और सुरक्षा पर पड़ रहा है।
प्रार्थना पत्र में छात्र-छात्राओं ने भावुक अपील करते हुए लिखा कि वह सभी प्रतियोगी परीक्षाओं एवं शैक्षणिक तैयारी में जुटे हुए हैं, लेकिन शराब दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े के कारण अब उनका कोचिंग जाना, लाइब्रेरी जाना और बाजार तक निकलना मुश्किल हो गया है।
छात्रों ने प्रशासन से कहा कि हम पढऩा चाहते हैं, हमारी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.टैक्सी स्टैंड के सामने शराब दुकान, छात्राओं में भय.छात्रों ने बताया कि जिस स्थान पर शराब की दुकान संचालित हो रही है उसके ठीक सामने टैक्सी स्टैंड स्थित है, जहां से छात्र-छात्राएं कोचिंग और लाइब्रेरी आने-जाने के लिए वाहन लेते हैं।
शाम के समय यहां शराबियों की भीड़ लगने से छात्राओं को भारी असुरक्षा महसूस होती है। कई बार अभद्र टिप्पणियों और असहज माहौल का सामना भी करना पड़ता है।
छात्राओं ने कहा कि अंधेरा होने के बाद स्थिति और अधिक भयावह हो जाती है, जिसके चलते अभिभावकों ने बेटियों को अकेले बाहर भेजना लगभग बंद कर दिया है।
अब कई छात्र-छात्राओं की कोचिंग और लाइब्रेरी जाना तक रुक गया है.माता मंदिर के पास दुकान से धार्मिक भावनाएं भी आहत स्थानीय लोगों ने बताया कि शराब दुकान से करीब 30 से 40 कदम की दूरी पर माता का प्रसिद्ध मंदिर स्थित है।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं एवं श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचते हैं, लेकिन शराब दुकान के कारण मंदिर परिसर के आसपास का वातावरण प्रभावित हो रहा है महिलाओं ने भी इस पर नाराजगी जताई है पिसनारी बाग में स्थानांतरण की मांग छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से मांग की है कि शराब दुकान को तत्काल वर्तमान स्थान से हटाकर पूर्व प्रस्तावित स्थान पिसनारी बाग में स्थानांतरित किया जाए, ताकि क्षेत्र का माहौल सामान्य हो सके और छात्र-छात्राएं बिना भय के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
प्रार्थना पत्र पर समृद्धि, आराध्य, आयुषी, प्राची, प्रतीक, श्रेयांश, कार्तिकेय, मनु शुक्ला, रूपल, आर्यन सहित अनेक छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षर मौजूद हैं मुख्यमंत्री कार्यालय और महिला आयोग को भी भेजी शिकायत मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्रों ने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय लखनऊ,जिला आबकारी अधिकारी ललितपुर तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार को भी भेजी है छात्रों और अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.