मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: शिवपुरी कलेक्टर ने पिछोर और खनियांधाना में किया औचक निरीक्षण, खाद वितरण व व्यवस्थाओं पर दिए कड़े निर्देश

📰 अतुल कुमार जैन

शिवपुरी! मुख्यमंत्री
जन विश्वास अभियान के तहत शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा ने आज पिछोर और खनियांधाना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद वितरण केंद्रों, शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों और गौशालाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

पिछोर स्थित खाद वितरण केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उर्वरक की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की गहन जांच की। उन्होंने उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और वितरण पर्चियों व दस्तावेजों का मिलान किया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद वितरण में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसानों को बिना किसी अनावश्यक देरी के उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।

खनियांधाना विकासखंड के शासकीय माध्यमिक विद्यालय दवियाकलां में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिसर की स्वच्छता, विद्यार्थियों की उपस्थिति और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने कक्षा-कक्षों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। साथ ही, सांदीपनि विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वोकेशनल क्लास का अवलोकन किया और निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता व समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा गया।

गौशाला निरीक्षण के दौरान दवियाकलां में चारागाह की शासकीय भूमि पर अवैध खेती का मामला सामने आया। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि मुक्त कराई गई भूमि पर गौवंश के चरने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इसके अतिरिक्त, खनियांधाना स्थित शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर एवं उत्कृष्ट कन्या छात्रावास का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने छात्रावास की साफ-सफाई, रसोईघर की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने छात्राओं से सीधा संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया और समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनसेवा, शिक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शी खाद वितरण और शासकीय परिसंपत्तियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने दायित्वों का मुस्तैदी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनसंवाद के माध्यम से समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: शिवपुरी कलेक्टर ने पिछोर और खनियांधाना में किया औचक निरीक्षण, खाद वितरण व व्यवस्थाओं पर दिए कड
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: शिवपुरी कलेक्टर ने पिछोर और खनियांधाना में किया औचक निरीक्षण, खाद वितरण व व्यवस्थाओं पर दिए कड

लेखक के बारे में

ATUL JAIN

@atuljain

Senior Reporter Shivpuri

1000 फॉलोअर्स