ललितपुर। प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, नमामि गंगे के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजय मिश्रा रहे उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को प्लास्टिक प्रदूषण से पर्यावरण, नदियों एवं जलस्रोतों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए एकल-उपयोग प्लास्टिक का बहिष्कार करने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा जूट से बने पर्यावरण-अनुकूल थैलों का वितरण किया गया।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के स्थान पर जूट एवं कपड़े के थैलों का उपयोग करना समय की आवश्यकता है।
इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि नदियों और जलस्रोतों को प्लास्टिक प्रदूषण से बचाने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति केतन दुबे ने प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए जागरूक करने का संदेश दिया।
उपस्थित सभी लोगों ने अपने दैनिक जीवन में जूट एवं कपड़े के थैलों का उपयोग करने तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक से दूरी बनाए रखने का संकल्प लिया।