पानी की समस्या लेकर पहुंची महिलाओं को विधायक ने थमाई पानी की बोतल, बोले- 'मोए वोट नहीं दोगी तो कौन को दोगी'; वीडियो वायरल

पिछोर क्षेत्र के गांव का बताया जा रहा वीडियो, बिजली-पानी की शिकायत लेकर पहुंचे थे ग्रामीण; सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं<&#47;em>

📰 अतुल कुमार जैन
शिवपुरी। पिछोर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी एक बार फिर अपने व्यवहार और बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे ग्रामीणों की समस्याएं सुनते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पानी की समस्या बताने पहुंची महिलाओं को विधायक अपनी गाड़ी से पानी की एक बोतल निकालकर देते दिखाई देते हैं। वहीं बातचीत के दौरान वे बुंदेली भाषा में महिलाओं से कहते हैं, "मोए वोट नहीं दोगी तो कौन को दोगी।" वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

जानकारी के अनुसार, यह वीडियो शनिवार का बताया जा रहा है, जब विधायक प्रीतम लोधी पिछोर विधानसभा क्षेत्र के गांवों के दौरे पर थे। ग्रामीणों से मुलाकात के दौरान एक गांव में महिलाओं और पुरुषों ने उनकी गाड़ी को रोककर बिजली और पेयजल संकट की शिकायत की। ग्रामीणों का कहना था कि वे कई दिनों से पानी और बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिकायत सुनने के दौरान विधायक ने महिलाओं से कहा कि, "तुम तो लाड़ली बहना हो, तुम्हारे सभी काम करा देंगे।" इस पर महिलाओं ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि यदि काम हो जाएगा तो वे उन्हें वोट देंगी। इस पर विधायक ने भी हंसते हुए बुंदेली में कहा, "मोए वोट नहीं दोगी तो कौन को दोगी।" यह संवाद अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

-: पानी की समस्या पर दी पानी की बोतल :-

इसी बातचीत के दौरान एक महिला ने गांव में पेयजल संकट की गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि गांव में पानी की भारी किल्लत है और लोग परेशान हैं। इस पर विधायक ने अपनी कार से पानी की एक बोतल निकालकर महिला को दे दी। विधायक की इस प्रतिक्रिया पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े। किसी ने कहा, "इससे क्या होगा?" और मौके पर मौजूद कई लोग मुस्कुराने लगे। यही दृश्य अब वायरल वीडियो का सबसे चर्चित हिस्सा बना हुआ है।

-: दो महीने से खराब पड़ी डीपी की भी उठी शिकायत :-

ग्रामीणों ने विधायक के सामने गांव में बिजली व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा भी रखा। एक ग्रामीण ने बताया कि गांव की ट्रांसफार्मर (डीपी) पिछले करीब दो महीने से खराब पड़ी है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया और कहा कि सभी काम जल्द कराए जाएंगे।

-: सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस :-

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग विधायक के सहज और हंसते हुए व्यवहार को सामान्य बातचीत बता रहे हैं, जबकि कई लोगों ने पानी जैसी गंभीर समस्या पर बोतल थमाने को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही इस मामले में विधायक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

-: पहले भी बयानों को लेकर रह चुके हैं चर्चा में :-

यह पहला अवसर नहीं है जब भाजपा विधायक प्रीतम लोधी चर्चा में आए हों। हाल ही में एक सामाजिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से चंबल के एक कुख्यात डाकू को अपना "भाई" बताते हुए बयान दिया था। उस बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना था। अब पानी की समस्या और वायरल वीडियो ने उन्हें एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

लेखक के बारे में

ATUL JAIN

@atuljain

Senior Reporter Shivpuri

1000 फॉलोअर्स