मड़ावरा। क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से सीओ मड़ावरा आर के श्रीवास्तव ने पुलिस बल के साथ कस्बा क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने बाजारों एवं प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया पैदल गश्त के दौरान सीओ ने दुकानदारों, व्यापारियों एवं आमजन से संवाद कर आपसी सौहार्द और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पहले से लगे कैमरों को नियमित रूप से दुरुस्त रखने का आग्रह किया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में सहायता मिल सके।
कोतवाल प्रभारी मनोज कुमार ने स्पष्ट किया कि कस्बा क्षेत्र में अराजकता फैलाने, कानून व्यवस्था भंग करने अथवा शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने के लिए नियमित रूप से गश्त और निगरानी अभियान जारी रहेंगे। इस दौरान यातायात पुलिस के साथ मड़ावरा पुलिस फोर्स भारी संख्या में मौजूद रहा।

📸 और तस्वीरें