बामौर कलां के शासकीय माध्यमिक विद्यालय व ब्लू वेल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा विद्यालय परिसर

📰 अतुल कुमार जैन
बामौर कलां। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय बामौर कलां में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम सरपंच लक्ष्मी आदिवासी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इस दौरान उपसरपंच रीना शैलेष जैन, सचिव मनमोहन शर्मा सहित विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष द्वारा दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती का पूजन किया गया। इसके बाद देश के महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। विद्यालय के प्रधान अध्यापक राजेश शर्मा ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, सरस्वती वंदना सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना और उत्साह भर दिया। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का मंच संचालन कीर्ति कुमार जैन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राजेश कुमार तिवारी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए और सभी ने उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया।

-: ब्लू वेल पब्लिक स्कूल में भी दिखा देशभक्ति का उत्साह,:-

बामौर कलां के ब्लू वेल पब्लिक स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे रंगों से सजाया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

बामौर कलां के शासकीय माध्यमिक विद्यालय व ब्लू वेल पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस - शिवपुरी - LALI

लेखक के बारे में

ATUL JAIN

@atuljain

Senior Reporter Shivpuri

1000 फॉलोअर्स