सिक्योरिटी गार्ड्स को बंधक बनाकर बुर्काधारी बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में दवा बाजार में 2 लाख की लूट को दिया अंजाम.घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद.

झांसी में साइबर थाने के सामने स्थित दवा बाजार में शुक्रवार रात फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात हुई बाइक से आए दो बदमाश बाजार बंद होने से पहले बिल्डिंग की छत पर बने बाथरूम में जाकर छिप गए। करीब 5 घंटे बाद अलसुबह 3 बजे नीचे उतरे, तमंचे के बल पर दो सिक्योरिटी गार्डों को बंधक बनाया और मेडिकल स्टोर के ताले काटकर करीब 2 लाख रुपए लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मामला नवाबाद थाना क्षेत्र का है। महेश मेडिकल एजेंसी के संचालक विजय बरसैया ने बताया कि वह रोज की तरह शुक्रवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 10 बजे दो बदमाश बाइक से पहुंचे। उन्होंने बेसमेंट में बाइक खड़ी की और लिफ्ट से छत पर पहुंचकर बाथरूम में छिप गए। सभी दुकानें बंद होने और बाजार शांत होने का इंतजार करने के बाद दोनों नीचे उतरे।
अलसुबह करीब 3 बजे बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड माखन लाल (60) और हरगोविंद यादव (62) को तमंचा दिखाकर कब्जे में ले लिया। दोनों के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और धमकी दी कि आवाज की तो गोली मार देंगे। इसके बाद पहली मंजिल पर पहुंचकर कटर से दुकान के ताले काटे और ग्राउंड फ्लोर व पहली मंजिल पर रखे गल्लों से करीब 2 लाख रुपए नकद निकाल लिए।
गार्ड हरगोविंद यादव ने बताया कि एक बदमाश बुर्कानुमा कपड़े पहने था, जबकि दूसरे ने पीली शर्ट, काली पैंट पहन रखी थी और चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। वारदात के बाद दोनों मुख्य गेट खोलने की कोशिश करने लगे। गेट नहीं खुला तो एक गार्ड के हाथ खोलकर उससे गेट खुलवाया और बाइक से फरार हो गए।
संचालक विजय बरसैया के मुताबिक दुकान में 16 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। बदमाशों ने कुछ कैमरों का एंगल ऊपर कर दिया, कुछ के तार काट दिए और जिन कैमरों को बंद नहीं कर सके, उन पर कागज लपेट दिया। इसके बावजूद कई कैमरों में उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं।
दवा बाजार में 20 से ज्यादा थोक मेडिकल स्टोर हैं, लेकिन बदमाशों ने केवल महेश मेडिकल एजेंसी को ही निशाना बनाया। इससे आशंका जताई जा रही है कि उन्हें दुकान और वहां रखी नकदी की जानकारी पहले से थी पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में

Archana Shriwas

@shrivasarchna1

Senior Reporter Mauranipur

1000 फॉलोअर्स