विदिशा से शोभित जैन की रिपोर्ट
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक संचालित "सेफ क्लिक अभियान 2.0" के अंतर्गत साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के मार्गदर्शन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे की उपस्थिति में आज साइबर सुरक्षा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान यह साइबर सुरक्षा रथ शहर के दो प्रमुख मार्गों विवेकानंद चौराहा से गुलाब वाटिका तथा नीमताल से दुर्गानगर तक लगभग 06 किलोमीटर लंबी भव्य मानव शृंखला का निर्माण किया गया।
इस ऐतिहासिक मानव शृंखला में 07 विद्यालयों के विद्यार्थियों, शिक्षकों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथों में हाथ बांधकर साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि आने वाली पीढ़ी साइबर अपराधों के प्रति सजग, जागरूक और एकजुट है तथा सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
यह विशेष साइबर सुरक्षा रथ जिले के 100 गांवों में भ्रमण कर ग्रामीण नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से सतर्क रहने के संबंध में जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों से युक्त तख्तियां एवं पम्पलेट लेकर आमजन को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) की जानकारी दी और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता अभियान के दौरान नागरिकों को फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, APK फाइल, QR कोड स्कैम, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, नकली UPI भुगतान तथा OTP एवं बैंक खाते की गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी जाएगी। साथ ही साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करने एवं NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम में जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। साइबर सुरक्षा रथ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों को समय रहते सतर्क किया जाएगा, जिससे वे साइबर अपराधियों के झांसे में आने से बच सकें।
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन में जिलेभर में "सेफ क्लिक अभियान 2.0" के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाकर स्वयं, अपने परिवार एवं समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित रख सके।
कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, थाना प्रभारी कोतवाली आनंद राज, थाना प्रभारी सिविल लाइन राजपाल सिंह जादौन, थाना यातायात प्रभारी आशीष राय, रक्षित निरीक्षक भूर सिंह चौहान, सूबेदार मेघा शर्मा, अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, 07 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
*विदिशा पुलिस की अपील:*
साइबर अपराध से बचाव का सबसे सरल उपाय है—रुकें, सोचें और फिर क्लिक करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा NCRP पर शिकायत दर्ज कर पुलिस का सहयोग करें।


📸 और तस्वीरें