ललितपुर: ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का आयोजन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया सम्मानित

ललितपुर की रिजर्व पुलिस लाइन्स में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम 'ग्राम सुरक्षा में योगदान एवं ग्राम प्रहरियों का सम्मान' का सजीव प्रसारण देखा गया इस अवसर पर जनपद के समस्त थानों के ग्राम प्रहरियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (श्रम एवं सेवायोजन विभाग) मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई मुख्य रूप से उपस्थित रहे। 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्राम प्रहरियों के सम्मान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।

सजीव प्रसारण के पश्चात, जनपद के ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया। जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें शॉल भेंट कर उत्साहवर्धन किया। यह सम्मान उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिस को समय पर महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराने में निभाई गई उनकी सक्रिय भूमिका के लिए दिया गया। इस दौरान उनके उज्जवल भविष्य की कामना भी की गई।

ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। गांव में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, आपसी विवादों, अवैध कार्यों और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली घटनाओं की जानकारी समय से पुलिस तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनकी सतर्कता और सक्रिय सहयोग से अपराधों की रोकथाम और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

ललितपुर जनपद में भी ग्राम प्रहरी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहकर पुलिस को आवश्यक सूचनाएं प्रदान करते हैं, जिससे शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम प्रहरियों के योगदान को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया।

जनपद पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराधों की रोकथाम करने और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए ग्राम प्रहरियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है।

लेखक के बारे में

Surendra Sapera

@saperasurendra50

Reporter Lalitpur Up

0 फॉलोअर्स