ललितपुर जनपद के विकास खंड जखौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत लखनपुरा (भौंरसिल) में युवा कल्याण विभाग द्वारा ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है।
इस परियोजना की कुल लागत 853.57 लाख रुपये निर्धारित की गई है स्टेडियम के निर्माण कार्य हेतु भूमिपूजन और शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें ललितपुर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, एमएलसी रमा निरंजन, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन और मंत्री प्रतिनिधि चंद्रशेखर पंथ मुख्य रूप से उपस्थित रहे।सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव द्वारा ललितपुर को ग्रामीण स्टेडियम की सौगात मिलना इस क्षेत्र के विकास के लिए एक मूल्यवान धरोहर है।
उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम के निर्माण से सदर विधानसभा क्षेत्र, कस्बा बांसी और आसपास की ग्राम पंचायतों लखनपुरा, नंदनवारा, विधाखेत व गढिया के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
उन्होंने स्टेडियम के बगल में स्थित अमृत सरोवर को भविष्य में तरणताल (स्विमिंग पूल) के रूप में विकसित करने के प्रयास करने की बात भी कही।जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्रवासियों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और युवा इस खेल परिसंपत्ति का उपयोग कर जनपद का नाम रोशन कर सकेंगे।
एमएलसी रमा निरंजन ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की योजना प्रत्येक विकास खंड में जमीन की उपलब्धता के आधार पर स्टेडियम बनवाने की है।
उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे यहाँ अभ्यास कर मंडल और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करें।
मंत्री प्रतिनिधि चंद्रशेखर पंथ ने कहा कि यह स्टेडियम बनकर तैयार होने के बाद युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए अत्यंत उपयोगी और गौरवपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।कार्यक्रम में यू0पी0आर0एन0एस0 के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार वर्मा, सहायक अभियंता मु0 तनवीर, अवर अभियंता योगेश चन्द्र, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी (जखौरा) प्रसून गुबरेले और क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी (तालबेहट) शैलेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मेराज अहमद खान ने किया। अंत में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ललितपुर ने समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।