कौशल किशोर मंदिर, कुशकुटी में पंचायत मंडल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न / सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द एवं विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर दिया गया विशेष बल.

ललितपुर - कुशकुटी में कुशवाहा समाज की सामाजिक एकता, संगठनात्मक मजबूती एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से कौशल किशोर मंदिर, कुशकुटी में पंचायत मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता समाज के वरिष्ठ एवं सम्मानित सदस्य भजनलाल कुशवाहा ने की, जबकि संचालन राहुल कुशवाहा ने किया।बैठक में कुशवाहा समाज के विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों से आए वरिष्ठजनों, समाजसेवियों, गणमान्य नागरिकों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

उपस्थित वक्ताओं ने समाज की वर्तमान परिस्थितियों, सामाजिक चुनौतियों, संगठन की मजबूती तथा समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को और सुदृढ़ करने पर अपने विचार व्यक्त किए।बैठक के दौरान समाज से जुड़े विभिन्न पारिवारिक, सामाजिक एवं आपसी विवादों पर गंभीरता से चर्चा की गई।

पंचायत मंडल ने सभी पक्षों की समस्याओं एवं सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना तथा निष्पक्ष, सौहार्दपूर्ण एवं सामाजिक मर्यादाओं के अनुरूप समाधान करने का आश्वासन दिया।बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से यह लिया गया कि कुशवाहा समाज का कोई भी व्यक्ति छोटी-छोटी सामाजिक अथवा आपसी समस्याओं को लेकर सीधे थाना या पुलिस चौकी जाने के बजाय सबसे पहले कौशल किशोर मंदिर, कुशकुटी स्थित पंचायत मंडल के समक्ष अपनी बात रखे।

पंचायत मंडल समाज के वरिष्ठ एवं जिम्मेदार सदस्यों की उपस्थिति में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर आपसी संवाद, समझौते एवं सामाजिक परंपराओं के अनुरूप विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराने का प्रयास करेगा।

इस निर्णय का उद्देश्य समाज में प्रेम, विश्वास, भाईचारा एवं सामाजिक समरसता को बनाए रखना तथा अनावश्यक कानूनी विवादों से बचना है।इसके अतिरिक्त बैठक में समाज के संगठन को अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने, युवाओं को समाजहित के कार्यों से जोड़ने, शिक्षा के प्रसार, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा पारस्परिक सहयोग की भावना को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया।

उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज की उन्नति एवं संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया बैठक के समापन अवसर पर पंचायत मंडल के जिला अध्यक्ष राजेंद्र कुशवाहा 'राज मुखिया' ने सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता, अनुशासन और आपसी सहयोग है उन्होंने कहा कि यदि समाज के सभी लोग संगठित होकर समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करेंगे तो प्रत्येक चुनौती का समाधान संभव होगा और समाज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा उन्होंने सभी से पंचायत मंडल को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया बैठक का समापन समाज की एकता, सद्भाव, संगठनात्मक मजबूती एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

लेखक के बारे में

Surendra Sapera

@saperasurendra50

Reporter Lalitpur Up

0 फॉलोअर्स