*नीलम हेमंत राजपूत को बनाया गया कांवड़ यात्रा का संयोजक*विदिशा। सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में श्रावण मास के प्रथम सोमवार, 3 अगस्त 2026 को भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी।
समिति अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी ने बताया कि यात्रा को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।उन्होंने बताया कि विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन के उपरांत कांवड़ यात्रा प्रातः 9:00 बजे बड़वाले घाट, बेतवा तट स्थित श्री हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगी।
यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए माधवगंज स्थित शिवालय महादेव (कांच मंदिर) पहुंचेगी, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन होगा।मंगलवार को परिणय गार्डन में आयोजित बैठक में समिति अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी की अनुशंसा एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से नीलम हेमंत राजपूत को कांवड़ यात्रा का संयोजक नियुक्त किया गया।संयोजक बनने के बाद नीलम हेमंत राजपूत ने कहा कि कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति श्रद्धा, आस्था और समर्पण का पावन पर्व है।
यह भक्तों और भगवान शिव के बीच अटूट विश्वास का प्रतीक है तथा समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को भी सुदृढ़ करती है।बैठक में यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
समिति अध्यक्ष नितिन माहेश्वरी ने निर्देश दिए कि बड़वाले घाट पर वर्षा की स्थिति को देखते हुए महिलाओं की सुविधा के लिए वाटरप्रूफ टेंट लगाए जाएं।
साथ ही कांवड़ में सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से जल भरवाने के लिए 5 से 10 सदस्यों की दो से तीन टीमें गठित की जाएं।इसके अतिरिक्त निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा से पूर्व समिति की महिला सदस्य शहर के विभिन्न मंदिरों में टोली बनाकर बैठकें आयोजित करें, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को यात्रा से जोड़ा जा सके।समिति के प्रवक्ता मनोज शर्मा ने कहा कि हिंदू धर्म में कांवड़ यात्रा को तीर्थ यात्रा के समान पुण्यदायी माना गया है।
भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने एवं उनकी कृपा प्राप्त करने के उद्देश्य से शिवभक्त श्रद्धापूर्वक यह पावन यात्रा करते हैं।बैठक में समिति के संस्थापक अध्यक्ष नारायण सिंह कुशवाहा, पूर्व अध्यक्ष बल्लू महाराज, सजीव शर्मा, दीपक सक्सेना सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।