सदर विधायक रामरतन कुशवाहा एवं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (श्रम एवं सेवायोजन) विधायक महरौनी मनोहरलाल पंथ (मन्नू कोरी) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से की महत्वपूर्ण संयुक्त भेंट,

रिपोर्ट - सुरेंद्र सपेर / पंकज रायकवार ( LNN- न्यूज़ ) जनपद ललितपुर के सर्वांगीण विकास जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों तथा सदर एवं महरौनी विधानसभा क्षेत्रों की वर्षों पुरानी आवश्यकताओं को प्रदेश सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने के उद्देश्य से सदर विधायक रामरतन कुशवाहा एवं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (श्रम एवं सेवायोजन)/विधायक महरौनी मनोहरलाल पंथ (मन्नू कोरी) ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विस्तृत एवं सकारात्मक बैठक की बैठक के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि बुंदेलखंड के विकास की गति तभी और तेज होगी जब जनपद ललितपुर की आधारभूत आवश्यकताओं, सड़क, संपर्क, शिक्षा, खेल, धार्मिक, पर्यटन तथा कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर समयबद्ध निर्णय लिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत प्रत्येक विषय सीधे आमजन के जीवन, किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़ा हुआ है।दोनों जनप्रतिनिधियों ने वर्ष 2002 में ग्राम चिगलौआ में घटित घटनाक्रम से जुड़े स्वर्गीय राजाराम जी के प्रकरण को भी गंभीरता से उठाते हुए मुख्यमंत्री जी से अनुरोध किया कि तत्कालीन पुलिस अधीक्षक एल.टी.

एंटनी देव की भूमिका एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

उन्होंने कहा कि न्याय में जनता का विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और किसी भी पीड़ित परिवार को न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए।बैठक में सदर एवं महरौनी विधानसभा क्षेत्रों के संयुक्त विकास को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।

दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ क्षेत्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर आम जनता तक पहुँचना चाहिए।

यदि दोनों विधानसभा क्षेत्रों के साझा विकास की कार्ययोजना तैयार होती है तो सम्पूर्ण जनपद की आर्थिक, सामाजिक एवं आधारभूत संरचना को नई दिशा मिलेगी।दोनों जनप्रतिनिधियों ने जखौरा–तालबेहट मार्ग को अत्यंत महत्वपूर्ण जनजीवन से जुड़ा संपर्क मार्ग बताते हुए इसके शीघ्र निर्माण की मांग की।

बताया गया कि इस मार्ग के बनने से हजारों ग्रामीण परिवारों, किसानों, विद्यार्थियों एवं व्यापारियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएँ खुलेंगी।इसी क्रम में पंचमुखी हनुमान जी मंदिर के समीप दीर्घ सेतु निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया गया।

यह पुल न केवल स्थानीय नागरिकों की सुविधा का विषय है बल्कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम होगा।दोनों जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (CMGSY) के अंतर्गत सदर एवं महरौनी विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित सभी मार्गों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क ही गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और निवेश की नई संभावनाओं का आधार बनता है।बैठक में पूराकलां में राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना की मांग पुनः प्रमुखता से रखी गई।

साथ ही घटवार–पाली संपर्क मार्ग के जीर्णोद्धार को भी अत्यंत आवश्यक बताते हुए शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही सुगम हो सके।दोनों जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी को जनपद की प्रशासनिक व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था से भी अवगत कराया तथा अनुरोध किया कि विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावी प्रशासन एवं त्वरित जनसुनवाई की व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए, जिससे आम नागरिक को शासन का लाभ समय पर मिल सके।बैठक में यह भी आग्रह किया गया कि जनपद में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए।

साथ ही विकास खण्ड जखौरा की ग्राम पंचायत दैलवारा में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना पर शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया गया, जिससे बुंदेलखंड के युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए प्रदेश स्तर की सुविधाएँ प्राप्त हो सकें।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने दोनों जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत सभी विषयों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।बैठक के उपरांत सदर विधायक रामरतन कुशवाहा एवं राज्य मंत्री मनोहरलाल पंथ (मन्नू कोरी) ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास कार्यों की घोषणा नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारना है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार के सहयोग से जनपद ललितपुर में सड़क, शिक्षा, खेल, धार्मिक पर्यटन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ स्थापित होंगी तथा सदर एवं महरौनी विधानसभा विकास की नई पहचान बनकर उभरेंगी।

लेखक के बारे में

Surendra Sapera

@saperasurendra50

Reporter Lalitpur Up

0 फॉलोअर्स