मऊरानीपुर (झांसी)।
झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग (वर्टिस) की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत ग्राम लुहारी स्थित प्राथमिक शासकीय विद्यालय का जीर्णोद्धार कर मंगलवार को उसका लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करते हुए बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया गया।
लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि एनएचएआई पीआईयू छतरपुर के परियोजना निदेशक श्री संदीप पाटीदार, विशेष अतिथि प्रबंधक (तकनीकी) श्री रामविलास पटेल, विशिष्ट अतिथि आर.ई. श्री एस.
परमार, खंड शिक्षा अधिकारी बंगरा श्री बसंत पटेल, प्रोजेक्ट मैनेजर सी नागराज एवं नबील अहमद प्रधानाध्यापिका श्रीमती सुनीता, श्री प्रभु दयाल कुशवाहा, शिक्षिका श्रीमती प्रियंका राय, श्री प्रीतम सिंह सहित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान सभी छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए।
एनएचएआई एवं हाईवे प्रबंधन के अधिकारियों ने बच्चों को बैग प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। बैग पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मुख्य अतिथि श्री संदीप पाटीदार ने कहा कि "शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है।
कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से विद्यालयों में बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना बच्चों के भविष्य में निवेश है।" रामविलास पटेल ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों, चरित्र निर्माण एवं सकारात्मक सोच का महत्व बताते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय के नवीनीकरण से ग्रामीणों एवं अभिभावकों में भी उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए झांसी-खजुराहो राष्ट्रीय राजमार्ग (वर्टिस), एनएचएआई एवं सीएसआर टीम का आभार व्यक्त किया।यह पहल केवल भवन के जीर्णोद्धार तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
समारोह में हाईवे प्रबंधन टीम, विद्यालय परिवार, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।