झांसी में शादी के नाम पर साइबर ठगी का यहां बड़ा खुलासा फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर पर छापा 11 आरोपी गिरफ्तार, 41 लाख के लेनदेन के दस्तावेज मिले; 9 लाख का माल बरामद.

झांसी। जनपद झांसी पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। थाना नवाबाद पुलिस की साइबर टीम ने राय कॉलोनी स्थित एक मकान में छापेमारी कर गिरोह के 11 सदस्यों (9 महिलाएं और 2 पुरुष) को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान साइबर ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, कंप्यूटर, मैकबुक, सीपीयू, रजिस्टर, फाइलें, एटीएम कार्ड, चेकबुक, बायोमैट्रिक मशीन, क्यूआर कोड, राउटर, प्रिंटर सहित करीब 9 लाख रुपये का सामान और ठगी की रकम से खरीदे गए सोने के आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार जांच में विभिन्न बैंकों के 7 खातों में करीब 41 लाख रुपये के लेनदेन के दस्तावेज भी मिले हैं। इन खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पूछताछ में गिरफ्तार कर्मचारियों ने बताया कि वे 6 से 8 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करते थे और शादी का झांसा देकर लोगों से पैसा खातों और क्यूआर कोड के माध्यम से जमा कराते थे। बेहतर प्रदर्शन पर उन्हें कमीशन भी दिया जाता था। पुलिस ने मुख्य संचालक हलधर साहू, सह-संचालिका आकांक्षा और मैनेजर साहिल साहू की भूमिका की भी जांच तेज कर दी है। मामले में थाना नवाबाद में आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में

Archana Shriwas

@shrivasarchna1

Senior Reporter Mauranipur

1000 फॉलोअर्स