ललितपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम स्थल पर जनसैलाब नजर आया और कई लोगों ने सरकार व भारतीय जनता पार्टी के विकास कार्यों की सराहना भी की लेकिन इसी भीड़ के बीच कई ग्रामीण ऐसे भी मिले, जिन्होंने वर्षों से लंबित समस्याओं को लेकर नाराजगी जाहिर की।
ग्रामीणों का कहना है कि वे 10 से 12 वर्षों से अपनी शिकायतों के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांवों में दबंगों द्वारा उनकी जमीनों पर कब्जा किया गया है, परंतु शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।
इससे पीड़ित परिवार लगातार परेशान हैं और उन्हें न्याय की उम्मीद अब भी अधूरी दिखाई दे रही है ग्रामीणों का कहना है कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंद किसानों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है।
आरोप है कि कई मामलों में लाभ दिलाने के नाम पर पैसे की मांग की जाती है।
लोगों ने यह भी कहा कि संपन्न व्यक्तियों के काम आसानी से हो जाते हैं, जबकि गरीब और जरूरतमंद लोग लगातार भटकते रहते हैं वहीं, भारतीय जनता पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने भी नाम न छापने की शर्त पर कहा कि स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली और कुछ अधिकारियों की लापरवाही के कारण जनता की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जमीन कब्जे, भ्रष्टाचार, लंबित शिकायतों और किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता का भरोसा बना रहे।