ललितपुर।
शनिवार का दिन ललितपुरवासियों के लिए किसी सपने के साकार होने जैसा रहा, जहां सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ जी ने पहुंचते ही सबसे पहले तुवन सरकार के दरबार में माथा टेका, पूजा की और उनका आशीर्वाद लेकर ललितपुर को 1766 करोड़ की लागत की कुल 221 विकास परियोजनाओं का उपहार दिया।
इन योजनाओं में 103 का लोकार्पण व 118 का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री के हाथों विकास परियोजनाओं की सौगात पाकर हजारों की संख्या में आये जनसमूह ने दोनो हाथ उठाकर आभार जताया और जय श्रीराम के नारो से उनका अभिनन्दन किया।
बता दें कि माननीय मुख्यमंत्री, उ0प्र0 शासन श्री योगी आदित्यनाथ के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश के नेतृत्व में अधिकारी दिनरात तैयारियों में जुटे रहे, इन तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक दिन पूर्व जिले के प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी भी ललितपुर पहुंच गए थे और मा0 मुख्यमंत्री जी के भ्रमण की तैयारियों को अंतिम रुप दिया था।
इसी का परिणाम रहा कि सीएम का दौरा भव्य और सफल रहा।
_कार्यक्रम की श्रंखला में मा0 मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किये, उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजनान्तर्गत लाभार्थी संदीव एवं सत्येन्द्र को 05-05 लाख रुपए के ब्याजमुक्त, गारंटीमुक्त श्रण के प्रमाण पत्र दिये, वहीं बेटी बचाओ बेटी पढ़ायो योजनान्तर्गत जनपद की बेटी मोहिनी पटेल को हाईस्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 05 हजार की प्रोत्साहन राशि का चेक, मुख्यमंत्री सुमंगला योजनान्तर्गत आसी याज्ञिक को 07 हजार का चेक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री नन्दनी को स्मार्ट फोन, वन ड्रॉप मोर क्रॉप योजनान्तर्गत कृषक फूलसिंह व जाहर सिंह को धनराशि के चेक, उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम अंतर्गत फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी के सीईओ निशांत सागर को 10 लाख रुपए की वित्तीय सहायता का चेक एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत रीना, गीता, विद्युत सखी जमुना व बीसी सखी भागकुंवर को आरएफ एवं सीआईएफ के चेक मंच के माध्यम से प्रदान किये।_ *मा0 मुख्यमंत्री ने तुवन सरकार की जयकार से अपना उद्बोधन शुरू करते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों में ललितपुर को प्रदेश का एक अलग और पिछड़ा हुआ हिस्सा माना जाता रहा है, यहां के युवा पलायन को मजबूर थे और मिट्टी के घड़ों में कई किलोमीटर से पानी ढोते ढोते यहां की महिलाओं का पूरा जीवन बीत जाता था, लेकिन आज का दिन है कि डबल इंजन की सरकार आपको 1766 करोड़ की योजनाएं समर्पित कर रही है, आज मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से यहां के युवा पलायन की पृथा को समाप्त कर दूसरों को रोजगार देने में समक्ष बन चुके हैं, वहीं हर घर जल योजना से महिलाओं को मीलों दूर से पानी लाने की आवश्यक्ता नहीं पड़ती।
हमारी सरकार ने ललितपुर को अपेक्षित न मानकर प्रदेश की पहली गौशाला का निर्माण ललितपुर में ही कराया था। साथ ही प्रदेश का सबसे बड़ा बल्क ड्रग फार्मा पार्क भी ललितपुर में बन रहा है।
आज तमाम सिंचाई की परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का काम हो रहा है। डबल इंजन की सरकार महिलाओं को भी सशक्त करने का काम कर रही है, जिसका उदाहरण है कि ललितपुर की बेटी भी आज यूपी पुलिस का हिस्सा बन रही है।
उन्होंने कहा कि 1766 करोड़ की इन परियोजनाओं के माध्यम से ललितपुर की एतिहासिक धरा अब आधुनिक विकास का नया इतिहास रच रही है।* कार्यक्रम में मा0 राज्यमंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग/प्रभारी मंत्री दानिश आजाद अंसारी, मा0 सांसद अनुराग शर्मा, मा0 राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोेजन विभाग मनोहर लाल पंथ, मा0 सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, मा0 जिलाध्यक्ष भाजपा हरीशचन्द्र रावत, मा0 विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, मा0 नगर पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ललिपुर को मिली विकास परियोजनाओं की सौगात पर अपने-अपने विचार प्रकट किये और मा0 मुख्यमंत्री जी का अभिवादन करते हुए उन्हें रामदरबार भेंट स्वरूप प्रदान किया।
जनसभा के उपरान्त मा0 मुख्यमंत्री जी ने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ कलैक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान जनपद के सैदपुर ग्राम में 1471 एकड़ में स्थापित स्थापित बल्क ड्रग फार्मा पार्क की प्रगति, जनपद की विकास परियोजनाएं, जनपद में हर घर जल योजना, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, तकनीकि कृषि, राजस्व वादों, मिशन शक्ति, कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं नगर की स्वच्छता आदि कार्यों की एक-एक कर विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में सबसे पहले सेक्रेट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर एण्ड इन्डस्ट्रियल डेवलपमेंट विजय किरन आनन्द ने पीपीटी के माध्यम से बल्क ड्रग फार्मा पार्क की स्थिति से अवगत करया और प्रथम चरण का कार्य सितम्बर माह तक पूर्ण कराने से आश्वस्त किया।
इसके साथ ही परियोजना के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए एयर कनेक्टिविटी, रेल व रोड कनेक्टिविटी के जोड़ते हुए राष्ट्रीय स्तर के 11 एमओयू हस्ताक्षर करने की जानकारी दी।
इस पर मा0 मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कहा कि फार्मा पार्क के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिल सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जनपद के विकास कार्यक्रमों को पीपीटी के माध्यम से एक-एक कर विस्तार से बताया, जिसमें अमझरा गौशाला, ग्रामीण आबादी विशेषकर सहरिया समुदाय के मजरों, सार्वजनक भवनों तक पहुंचने एवं कृषि कार्यों हेतु आवागमन सुलभ बनाने के लिए 01 जनवरी 2026 को एक साथ 1602 चकमार्ग व सम्पर्क मार्ग के कार्यों का शुभारंभ किया गया।
133 मियावाकी सघन के द्वारा 76.45 एकड़ भूमि में वृक्षारोपण किया गया। सभी न्याय पंचायतों में 113 खेल मैदान बनवाये गए सहित अनेकों अभिनव कार्यों को प्रस्तुत किया।
बैठक के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने जनपद में जल संरक्षण व जल संवर्धन के लिए लोगों में जागरुकता लाने पर जोर देते हुए कहा कि छत का पानी रेन हार्वेस्टिंग के द्वारा संरक्षित किया जाए, इसी प्रकार से वर्षा का जल चेकडेम बनाकर संरक्षित किया जाए।
उन्होंने वृक्षारोपण पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए सभी को आगे आना होगा। इसके लिए आमजन को प्रेरित किया जाए।
उन्होंने राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी को निर्देश दिये कि मिशन मोड पर लाकर वादों को निस्तारित किया जाए, एक वर्ष से अधिक कोई भी वाद लंबित न रहे, वादों को समय सीमा में निस्तारित कर लोगों को न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की समीक्षा के दौरान सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि कोई भी बच्चा विद्यालय में नामांकन से छूटने न पाये, स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कोताही न बरती जाए, सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए।
स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाकर नगर और ग्रामों को स्वच्छ बनाया जाए।
उन्होंने कृषि पर जोर देते हुए कहा कि परम्परागत खेती से हटकर वैज्ञानिक खेती के लिए किसानों को प्रेरित किया जाए, इसके लिए कृषि विज्ञान केन्द्रों का उपयो किया जाए।
उन्होंने सभी सम्बंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न आने पाये, समय से खाद, बीज, पानी मुहैया करायी जाए।
उन्होंने जिला प्रशासन के सकारात्म कार्यों की सराहना करते हुए बैठक का समापन अपने इन शब्दों से किया कि ‘‘ललितपुर अच्छा है और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है।’’ इस अवसर पर मण्डलायुक्त झांसी मण्डल झांसी, डीआईजी, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वि/रा सहित सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।