*नगर पालिका परिषद, ललितपुर में कर निर्धारण अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद को भावभीनी एवं सम्मानपूर्ण विदाई*
नगर पालिका परिषद, ललितपुर के सभाकक्ष में आज एक गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें नगर पालिका परिषद, ललितपुर में लगभग चार वर्षों तक अपनी सेवाएं देने वाले कर निर्धारण अधिकारी श्री राजेन्द्र प्रसाद को उनके स्थानांतरण पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी श्री दिनेश कुमार विश्वकर्मा, पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री राजेन्द्र प्रसाद को पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उत्कृष्ट कार्यकाल को स्मरण करते हुए भावभीनी विदाई दी। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सरल, सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यक्तित्व के साथ-साथ प्रशासनिक दक्षता, कार्यनिष्ठा और कर्तव्यपरायणता की प्रशंसा की। श्री राजेन्द्र प्रसाद जुलाई 2022 में नगर पालिका परिषद, ललितपुर में कर निर्धारण अधिकारी के पद पर नियुक्त हुए थे। अपने लगभग 03 वर्ष 10 माह के कार्यकाल में उन्होंने राजस्व वृद्धि, कर निर्धारण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन तथा नगर हित से जुड़े विभिन्न कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शासन द्वारा उनका स्थानांतरण नगर पालिका परिषद, जौनपुर में किया गया है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने कहा कि श्री राजेन्द्र प्रसाद ने अपने कार्यकाल के दौरान पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने नगर पालिका की कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नगर विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। "किसी भी संस्था की प्रगति उसके कर्मठ और समर्पित अधिकारियों पर निर्भर करती है। श्री राजेन्द्र प्रसाद ने अपने कार्यकाल में जिस निष्ठा, ईमानदारी और सकारात्मक सोच के साथ कार्य किया, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने नगर हित को सदैव सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन किया। आज उनका स्थानांतरण निश्चित रूप से हमारे लिए एक भावुक क्षण है, लेकिन हमें गर्व है कि उन्होंने ललितपुर नगर पालिका परिवार को अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की हैं। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं नई जिम्मेदारियों में निरंतर सफलता की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूँ।
अधिशासी अधिकारी श्री दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि श्री राजेन्द्र प्रसाद एक अनुभवी, अनुशासित एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी रहे हैं, जिन्होंने सदैव टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि श्री राजेन्द्र प्रसाद ने नगर पालिका परिषद, ललितपुर में अपने कार्यकाल के दौरान प्रत्येक दायित्व को गंभीरता एवं दक्षता के साथ निभाया। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को गति प्रदान करने के साथ-साथ अपने अनुभव और कार्यकुशलता से विभाग को नई ऊर्जा दी। उनका सहयोग, मार्गदर्शन एवं सकारात्मक दृष्टिकोण सदैव स्मरणीय रहेगा। हम सभी उनकी सेवाओं के लिए आभार व्यक्त करते हैं और उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करते हैं।"
समारोह के दौरान कर अधीक्षक राजेश कुमार जैन, सेवा निवृत्त वरिष्ठ लिपिक रमाकांत तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक जितेन्द्र स्वरूप तिवारी, वरिष्ठ लिपिक दीनदयाल सोनी, लेखा लिपिक अभिषेक चौबे, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेन्द्र कुमार, कर लिपिक चन्द्रविनोद मिश्रा, नजूल लिपिक सुधीर रावत, डीपीएम दीपक कुमार, जन्म-मृत्यु पंजीयन लिपिक विनोद कुमार सहित नगर पालिका परिषद के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

📸 और तस्वीरें